भगवान राम हमारे संस्कृति के प्रतीक- अनुप्रिया पटेल
कार्यक्रम में पहुंचीं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि कोई भी देश अपनी संस्कृति और विरासत को संरक्षित किए बिना समृद्ध नहीं हो सकता। पीएम मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार विरासत पर गर्व करने के लिए लगातार प्रेरित कर रही हैं। भगवान राम हमारे संस्कृति के प्रतीक हैं।
दुनियाभर से राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में हो रहे शामिल- अठावले
राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि यह एक खुशी का दिन है। दुनियाभर के लोग प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं। वहीं राजनीति करने पर रामदास अठावले ने कहा कि अगर यह भाजपा का एजेंडा होता तो विपक्ष को आमंत्रण नहीं दिया जाता। इस कार्यक्रम में सभी को आमंत्रित किया गया है। विपक्ष को यहां आना चाहिए था।
मैं एक कारसेवक रहा हूं- राजा भैया
नसत्ता दल(लोकतांत्रिक) के नेता रघुराज प्रताप सिंह 'राजा भैया' ने कहा कि सौभाग्य से पिता और पुत्र दोनों को आमंत्रण मिला है। लेकिन पिताजी का स्वास्थ्य खराब होने के चलते नहीं आ सके। मैं एक कारसेवक रहा हूं। मैंने ढांचा, तंबू, स्थाई मंदिर और भव्य मंदिर में भी भगवान राम के दर्शन किए गए हैं।
राम की वापसी हो रही है- राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की वापसी हो रही है। यह हम सबके के लिए बहुत खुशी का पल है।
कांग्रेस के घर आए आमंत्रण को अस्वीकार कर दिया- शिवराज
राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के आमंत्रण को अस्वीकार करने पर मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और भाजपा नेता शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विनाश काले विपरीत बुद्धि। आप ही बताएं घर पर आए आमंत्रण को कौन स्वीकार करता है। कांग्रेस ने पहले ही आमंत्रण को अस्वीकार कर दिया था। अब जब उन्हें दुनियाभर का माहौल दिख रहा है कि लोग राममय हो गए हैं, तो अब उन्हें अपराधबोध हो रहा है। अब वे अपने कार्यालयों में होर्डिंग्स लगा रहे। मुझे तो कांग्रेस का विनाश निश्चित लग रहा है।
राम भक्तों का सपना हुआ पूरा- चिराग पासवान
आरजेपी(रामविलास) पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि दशकों से राम भक्तों ने जो सपना देखा था, आज वो जाकर पूरा हो गया है। इच्छा शक्ति के धनी हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ढेर सारी बधाई। कलयुग में एक नए त्रेतायुग की शुरूआत हो गई है।
भारतीय लोकाचार में राम सर्वश्रेष्ठ- आनंद बोस
रामोत्सव समारोह पर पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने कहा कि यह हमारे लिए बहुत गर्व और महत्वपूर्ण क्षण है। भगवान राम भारतीय लोकाचार में मौजूद सर्वश्रेष्ठ का प्रतिनिधित्व करते हैं। भगवान राम शांति और समृद्धि फैलाने के लिए हैं। यह एक शुभ दिन हैं, जब भारत ने अपनी शक्ति वापस पा ली है।
नए युग की शुरुआत- अश्विनी वैष्णव
अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह बहुत गर्व का क्षण है, यह एक नए युग की शुरुआत है।
करोड़ों लोग इस समय का इंतजार कर रहे थे- येदियुरप्पा
अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर कर्नाटक के पूर्व सीएम और भाजपा नेता बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि आज बहुत शुभ दिन हैं। करोड़ों लोग इस समय का इंतजार कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने खुद राम मंदिर का उद्धाटन किया।
भारत की संस्कृति और सभ्यता पुनर्जीवित हुई-जी किशन रेड्डी
अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि आध्यात्मिक दृष्टिकोण से यह देश के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। दुनिया भर के लोग इस दिन को देखने के लिए वर्षों से इंतजार कर रहे थे। राम मंदिर से भारत की संस्कृति और सभ्यता पुनर्जीवित हुई है।
पूरी दुनिया इस क्षण की साक्षी बनी- सुंदरराजन
राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर तेलंगाना के राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन ने कहा कि पूरी दुनिया ने समारोह देखा और जश्न मना रही है। हम अपनी खुशी शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकतें। तमिल में भी हम ऐसा मानते ही कि सबसे अच्छी सरकार राम राज्य है। इसका मतलब है कि प्रशासन ग्राम स्तर तक जाता है।
यह हमारे जीवन का सबसे खुशी का दिन- अनुराग ठाकुर
राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के समापन के बाद केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि दुनिया की आबादी का छठा हिस्सा भारत में रहता है। भारत में जो कुछ भी होता है, वह दुनिया पर स्थायी प्रभाव डालता है। यह लाखों भक्तों के बलिदान और करोड़ों लोगों की आस्था का परिणाम है। यह हमारे जीवन का सबसे खुशी का दिन है।
आज का दिन ऐतिहासिक- जेपी नड्डा
राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के समापन के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आज बहुत ऐतिहासिक दिन है। पूरा देश जश्न मना रहा है। उन्होंने कहा कि इस क्षण को लेकर लोगों में खासा उत्साह है।
जीवन धन्य हो गया है- केशव प्रसाद मौर्य
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जीवन धन्य हो गया है। राम लला अपने जन्मस्थान पर विराजमान हो गए। मैंने करीब से उनके दर्शन भी किए।