कहा थे शिवराज और कमलनाथ
मुख्य चुनाव आयुक्त जब चुनावी तारीखों का एलान कर रहे थे, इस समय मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सीधी जिले के रामपुर नैकिन में गैस रिफिल योजना के हितग्राहियों के सम्मेलन कार्यक्रम में शामिल थे। इस दौरान मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह दिल्ली में पार्टी की वर्किंग कमेटी में मौजूद थे। चुनावी आचार संहिता लगने से महज दो घंटे पहले शिवराज सरकार ने बैतूल, पन्ना और कटनी जिले में मेडिकल कॉलेज की घोषणा की। शिवराज चौहान ने ट्वीट कर कहा कि सरकार ने तीनों जिलों में 100 एमबीबीएस सीट प्रवेश क्षमता के चिकित्सा महाविद्यालयों की स्थापना हेतु राज्य शासन ने सिद्धांत: निर्णय ले लिया है। मेरा प्रदेश उन्नति के पथ पर अविराम आगे बढ़े और नागरिकों का जीवन सुखद एवं सरल हो, यही मेरा प्रयास है, यही मेरा संकल्प है।
इस बैठक में शामिल थे गहलोत-बघेल, टीएस सिंह देव और पायलट
वहीं, कांग्रेस शासित राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल दोनों ही राजधानी दिल्ली में कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में शामिल थे। इस बैठक में राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट और छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव भी शामिल थे। छत्तीसगढ़ के सीएम बघेल कहा ट्वीट कर कहा, हैं तैयार हम! शुरू हो चुका है युद्ध, माटी के अभिमान का। नहीं रुकेगा अब ये रथ, छत्तीसगढ़िया स्वाभिमान का। नवा छत्तीसगढ़ गढ़ने के संकल्प के साथ हर एक छत्तीसगढ़िया तैयार है, एक बार फिर भरोसे के हाथ जुड़ेंगे। भरोसा बरकरार। फिर से कांग्रेस सरकार।
जबकि प्रदेश के उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने ट्वीट कर कहा कि बिगुल बज चुका है- एक नए समर का! प्रगति का यह रथ निरंतर चलता रहे, परस्पर विश्वास का 5 सालों का सिलसिला जारी रहे, प्रदेश के बढ़ते गौरव का यह अश्वमेध रुकने न पाए- यही संकल्प है। छत्तीसगढ़ है तैयार, एक बार फिर, कांग्रेस की, भरोसे की सरकार!
राजस्थान के सीएम ने ट्वीट करते हुए कहा कि चुनाव की घोषणा हो चुकी है। आपके आर्शीवाद से हमें 5 वर्ष जनसेवा का मौका मिला है। आपके सहयोग से अपने कार्यकाल में हमने सारे काम दिल से किए हैं। बचत, राहत, बढ़त की एतिहासिक जनहितैषी योजनाओं को लागू कर हर ढाणी तक मुस्कान बिखेरने की पूरे मन से कोशिश की हैं। जिससे राजस्थान चार गुना रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। अब हमारा उद्देश्य राजस्थान मिशन 2030 के तहत नंबर वन राजस्थान के संकल्प को साकार करना है। मेरा निवेदन है कि हम सभी पूरे मन से राजस्थान को अव्वल बनाने में जुट जाएं, काम किया है दिल से, कांग्रेस फिर से।
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने भाजपा को घेरा
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ट्वीट कर कहा कि 5 राज्यों के चुनावों की घोषणा के साथ भाजपा और उसके साथियों की विदाई का भी उद्घोष हो गया है। छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम में कांग्रेस पार्टी मजबूती के साथ जनता के पास जाएगी। जन-कल्याण, सामाजिक न्याय और प्रगतिशील विकास ही कांग्रेस पार्टी की गारंटी है। इधर, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा विधानसभा चुनावों की घोषणा का स्वागत करता हूं। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा भारी बहुमत से सभी राज्यों में सरकार बनाएगी और आगामी 5 वर्षों के लिए जनआकांक्षाओं को पूरा करने के लिए कटिबद्ध भाव से काम करेगी।