फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM Modi: भारत-तंजानिया ने किया रक्षा साझेदारी का एलान, पांच साल के रोडमैप पर बनी सहमति, 6 समझौतों पर हस्ताक्षर

Mon, 09 Oct 2023 03:47 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत और तंजानिया के संबंधों के लिए ऐतिहासिक दिन हैं क्योंकि हम अपनी सदियों पुरानी दोस्ती को रणनीतिक भागीदारी में बदल रहे हैं। 
विज्ञापन
तंजानिया की राष्ट्रपति से मिलते पीएम मोदी - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत और तंजानिया ने सोमवार को अपने संबंधों को रणनीतिक साझीदारी के स्तर तक बढ़ाने का एलान किया। साथ ही दोनों देशों ने रक्षा सहयोग बढ़ाने के लिए पांच वर्षीय रोडमैप पर सहमति जताई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तंजानिया की राष्ट्रपति सामिया सुलुहू हसन के बीच हुई वार्ता में ये अहम फैसले लिए गए। वहीं, बताया गया कि दोनों देश स्थानीय मुद्राओं में व्यापार बढ़ाने के समझौते पर काम कर रहे हैं।
विज्ञापन


दोनों देशों ने डिजिटल भुगतान, संस्कृति, खेल, समुद्री उद्योग और वाणिज्यिक असैन्य व्यापारी जहाजों की गतिविधि और पहचान पर पूर्व सूचना साझा करने के क्षेत्र में सहयोग मुहैया कराने के लिए छह समझौतों पर हस्ताक्षर किए। हैदराबाद हाउस में वार्ता के बाद पीएम मोदी ने भारत और तंजानिया को व्यापार तथा निवेश के लिए महत्वपूर्ण साझेदार बताया। उन्होंने कहा कि दोनों देश स्थानीय मुद्राओं में व्यापार बढ़ाने के समझौते पर काम कर रहे हैं। आज दोनों देशों के बीच रिश्तों में ऐतिहासिक दिन है। हम अपनी सदियों पुरानी मित्रता को रणनीतिक भागीदारी में बांध रहे हैं। हमने भावी रणनीतिक साझीदारी की नींव रखते हुए कई नई पहलों की पहचान की है। रक्षा के क्षेत्र में हम पंचवर्षीय रोडमैप पर सहमत हो गए हैं। इससे सैन्य प्रशिक्षण, समुद्री क्षेत्र और रक्षा उद्योग, क्षमता निर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग को नए आयाम मिलेंगे। उन्होंने कहा कि हमने अंतरिक्ष और परमाणु तकनीक को जन कल्याण के लिए इस्तेमाल करने पर बल दिया।

जानिए क्या बोले पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और तंजानिया व्यापार में महत्वपूर्ण साझेदार हैं। दोनों देशों में स्थानीय मुद्रा में व्यापार बढ़ाने पर भी बात हुई। पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत और तंजानिया के संबंधों के लिए ऐतिहासिक दिन हैं क्योंकि हम अपनी सदियों पुरानी दोस्ती को रणनीतिक भागीदारी में बदल रहे हैं। 
विज्ञापन


हिंद महासागर क्षेत्र में अहम तंजानिया
प्रधानमंत्री ने कहा कि रक्षा के क्षेत्र में हम पंचवर्षीय रूपरेखा पर सहमत हो गए हैं। जिसके तहत दोनों देश सैन्य प्रशिक्षण, समुद्री क्षेत्र की निगरानी और रक्षा उद्योग जैसे क्षेत्रों में सहयोग करेंगे। हमने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भी परस्पर सहयोग बढ़ाने का फैसला किया है। हिंद प्रशांत महासागर क्षेत्र में तंजानिया एक महत्वपूर्ण देश है। हिंद महासागर में तंजानिया की तटीय सीमा करीब 1,424 किलोमीटर तक फैली है। इसकी मेरीटाइम सीमा रणनीतिक रूप से अहम सेशेल्स और कोमारो आइलैंड की सीमा तक फैली है। ऐसे में हिंद महासागर की सुरक्षा के लिहाज से तंजानिया बेहद अहम हो जाता है। साल 2000 से 2019 के बीच ईस्ट अफ्रीकन कम्युनिटी क्षेत्र में कई तेल और ऊर्जा के रिजर्व फील्ड की खोज हुई है। ऐसे में दुनिया के ताकतवर देशों की भी तंजानिया में दिलचस्पी बढ़ी है। 



नए अवसरों की तलाश जारी रखेंगे
पीएम ने कहा कि आर्थिक सहयोग की पूरी क्षमता को समझने के लिए हम नए अवसरों की तलाश जारी रखेंगे। तंजानिया अफ्रीका में भारत का सबसे बड़ा और करीबी विकास साझीदार है। भारत ने आईसीटी केंद्रों, व्यावसायिक प्रशिक्षण, रक्षा प्रशिक्षण, आईटीईसी और आईसीसीआर स्कॉलरशिप के जरिये तंजानिया के कौशल विकास और क्षमता निर्माण में अहम योगदान दिया है। कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में मिलकर काम करते हुए हमने तंजानिया के लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया है।

आतंकवाद के खिलाफ एकसाथ
पीएम ने कहा कि भारत और तंजानिया इस बात पर एकमत हैं कि आतंकवाद मानवता के लिए सबसे गंभीर सुरक्षा खतरा है। हमने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में परस्पर सहयोग बढ़ाने का फैसला भी किया है।

जंजीबार में आईआईटी कैंपस मील का पत्थर
पीएम ने कहा कि आईआईटी मद्रास का जंजीबार में कैंपस खोलने का निर्णय हमारे संबंधों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। यह केवल तंजानिया के लिए ही नहीं, बल्कि क्षेत्रीय देशों के छात्र-छात्राओं के लिए भी शिक्षा का हब बनेगा।

जैव ईंधन गठबंधन में शामिल होगा तंजानिया
पीएम ने कहा कि तंजानिया जैव ईंधन गठबंधन में शामिल होने के लिए सहमत हो गया है। साथ ही अफ्रीकी देश ने बिग कैट गठबंधन में शामिल होने का भी फैसला किया है, जिससे चीता व उसके जैसे पशुओं के संरक्षण में मदद मिलेगी।

यात्रा का महत्व कई गुना ज्यादा
पीएम ने कहा कि तंजानिया के राष्ट्रपति के रूप में उनकी यह भारत की पहली यात्रा है लेकिन वह भारत और भारत के लोगों से लंबे अरसे से जुड़ी हुई हैं। भारत के प्रति उनका यह लगाव हमें हमारे संबंधों को और मजबूत करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

यात्रा से राजनीतिक और आर्थिक विकास के नए रास्ते खुलेंगे : हसन
तंजानिया की राष्ट्रपति हसन ने कहा कि उनकी इस यात्रा से दोनों देशों के बीच राजनीतिक और आर्थिक विकास के नए रास्ते खुलेंगे, जिससे दोनों देशों की रणनीतिक साझीदारी को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा, हमारे लिए भारत एक विस्तारित परिवार के सदस्य की तरह है। महात्मा गांधी भारत लौटने से पहले वह दक्षिण अफ्रीका जाते समय जांजीबार में रुके थे। ऐसी और कई अन्य कहानियां एक शताब्दी तक चले ऐतिहासिक भाईचारे के संबंधों और मित्रता का प्रतीक हैं।

जी-20 की सफलता के लिए पीएम मोदी की सराहना की
तंजानिया की राष्ट्रपति ने जी-20 शिखर सम्मेलन की सफल मेजबानी के लिए पीएम मोदी की सराहना की। उन्होंने कहा कि मेरी यात्रा जी-20 शिखर सम्मेलन के कुछ ही सप्ताह बाद हो रही है। मैं जी-20 शिखर सम्मेलन की सफल मेजबानी के लिए पीएम मोदी और भारत सरकार की सराहना करना चाहती हूं। यह यात्रा दशकों से बरकरार ऐतिहासिक मित्रता और द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाने और गहरा करने के लिए तंजानिया की प्रतिबद्धता की पुष्टि करने के लिए है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें