भारतीय विज्ञापन मानक परिषद (एएससीआई) ने कहा है कि 2020-21 में कोविड-19 से जुड़े 332 विज्ञापनों में से सिर्फ 12 तथ्यों के आधार पर सही पाए गए।
परिषद ने बताया कि महामारी के दौरान पेंट्स, कपड़े, डिटरजेंट, सौंदर्य उत्पाद, एसी, पंखे, वाटर प्यूरिफायर सहित तमाम उत्पादों के 332 विज्ञापनों में संक्रमण से सुरक्षा का दावा किया गया। उपभोक्ताओं की शिकायत के बाद इन विज्ञापनों और उसके उत्पादों की जांच-पड़ताल की गई।
शिक्षा क्षेत्र के विज्ञापन को लेकर भी 1,406 शिकायतें मिलीं
सूक्ष्मविज्ञानियों के परीक्षण में 320 विज्ञापनों में किए गए दावे गलत साबित हुए और महज 12 विज्ञापन ही सत्यता की कसौटी पर खरे उतरे। परिषद की महासचिव मनीषा कपूर ने बताया कि कोविड-19 से जुड़े उत्पादों के अलावा शिक्षा क्षेत्र के विज्ञापन को लेकर भी 1,406 शिकायतें मिली हैं। वहीं, खाने-पीने की चीजों से जुड़ी 285 शिकायतें मिली हैं।