दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने स्वतंत्रता दिवस पर राजधानी में तिरंगा फहराया। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली सरकार के काम करने की पूरी दुनिया में तारीफ हो रही है। दिल्ली सरकार ने लोगों से जुड़ी 150 से सुविधाओं को ऑनलाइन कर दिया है। इससे लोगों को अब लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। मोहल्ला क्लीनिक में लोगों को फ्री इलाज मिल रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का मकसद है कि 2047 में जब देश अपना 100वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा होगा, तब तक दिल्लीवासियों की आय सिंगापुर के बराबर हो जाएगी। हालांकि, भाजपा ने सरकार के हर दावे को झूठ बताया है।
'दिल्ली सरकार की हर तरफ तारीफ हो रही'
केजरीवाल ने कहा कि हमारे मोहल्ला क्लीनिक की सफलता देखने के बाद दूसरे राज्य भी यह मॉडल अपना रहे हैं। दिल्ली के डॉक्टरों ने सबसे पहले कोरोना के इलाज में प्लाज्मा थेरेपी का उपयोग किया और बाद में अमेरिका ने भी इस मॉडल को अपनाया। इसी प्रकार होम इसोलेशन में संक्रमितों का इलाज करने की योजना को पूरी दुनिया में बाद में अपनाया। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली का मुफ्त बिजली-पानी का प्लान अब दूसरे राजनीतिक भी दल अपना रहे हैं। इसी प्रकार जनसेवाओं को ऑनलाइन करने से जनता को आसानी हो रही है और इस काम की हर तरफ तारीफ हो रही है।
हमसे दुनिया सीख ले रही : केजरीवाल
केजरीवाल ने दावा किया कि दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने का दिल्ली का आइडिया अब दूसरे देश के लोग भी अपना रहे हैं। इसी प्रकार देश के बच्चों को उद्यमी बनाना, पहली बार देशभक्ति पाठ्यक्रम पढ़ाना और हर गली-मुहल्ले तक योगा कक्षाएं पहुंचाना दिल्ली सरकार की बड़ी पहल है। इससे लोगों के स्वास्थ्य में सुधार आएगा।
हर जगह नाकाम रही दिल्ली सरकार : भाजपा
वहीं, दिल्ली भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नेहा शालिनी दुआ ने केजरीवाल के दावों को झूठा करार दिया। उन्होंने अमर उजाला से कहा कि अरविंद केजरीवाल स्वतंत्रता दिवस जैसे पवित्र अवसर पर भी झूठ बोल रहे हैं, यह दुर्भाग्य की बात है। कोरोना काल में इन्हीं मोहल्ला क्लीनिक में लोगों का एक टेस्ट तक नहीं किया जा सका। सारे मोहल्ला क्लीनिक बंद पड़े रहे हैं। यहां वैक्सीनेशन तक नहीं हो रहा है। इसके बाद भी अगर दिल्ली सरकार मोहल्ला क्लीनिक को अपनी सफलता बताती है तो यह शर्मनाक है।
लोगों को साफ पानी तक दे पा रहे केजरीवाल : दुआ
नेहा ने कहा कि केजरीवाल ने लोगों को मुफ्त पानी देने की बात याद दिलाई, लेकिन उन्हें यह भी बताना चाहिए कि आज भी दिल्ली के लोगों को साफ पानी नहीं मिल पा रहा है। खुद सरकार भी मानती है कि दिल्ली के अनेक इलाकों में आज भी दिल्ली जल बोर्ड पानी नहीं पहुंचा रहा है। अगर इसके बाद भी वे इसे अपने मॉडल की सफलता बता रहे हैं तो ये उस आदमी का अपमान है जो पानी पीने के लिए आज भी पानी के प्राइवेट टैंकरों पर निर्भर कर रहा है।
'प्रदूषण में दिल्ली नंबर वन'
भाजपा नेता ने कहा कि केजरीवाल दिल्ली को लंदन और पेरिस बनाने की बात कहते रहे हैं, लेकिन पूरी दुनिया ने देखा है कि बारिश होने पर दो-चार फुट तक पानी हर जगह जमा हो जाता है। हर जगह बाढ़ जैसी स्थिति आ जाती है। इसके बाद भी अगर मुख्यमंत्री दिल्ली के लोगों की आय सिंगापुर के बराबर करने की बात करते हैं तो उन्हें सोचना चाहिए कि उनके नेतृत्व में दिल्ली केवल प्रदूषण के मामले में दुनिया में नंबर एक पर है।