सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने 12 लाख सेना सहित आर्मी के रिटायर अधिकारियों के लिए सख्त हिदायत जारी की है। सेना प्रमुख ने सीएसडी शराब , आर्मी कैंटीन के हो रहे दुरुपयोग को रोकने के साथ साथ वरिष्ठ अधिकारियों पर भी लगाम लगाने की कोशिश की है। बार बार फौजियों द्वारा अर्दलियों जैसा काम कराए जाने के बढ़ते विरोध को देखते हुए और सेना में किए जा रहे गलत कार्यों को रोकने के लिए नई गाइडलाइन जारी की है जिसमें सैनिकों के खान-पान से लेकर साफ सफाई और भ्रष्टाचार तक का मुद्दा जुड़ा है।
सेना प्रमुख ने अपनी नई गाइडलाइन में कहा है कि वह अधिकारी जो किसी न किसी रूप में भ्रष्टाचार से जुड़े हैं वह बख्शे नहीं जाएंगे, चाहें वह किसी भी रैंक या कद के हों। यही नहीं अब किसी भी रेजीमेंट या स्टेशन में हो रहीं अजीबो गरीब चीजें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। यही नहीं उन्होंने कहा कि किसी भी फौजी से नौकरों (अर्दलियों) जैसा काम नहीं कराया जाएगा। अपने फायदे के लिए सीएडी शराब और किराने के सामान का दुरुपयोग न करने की हिदायत दी है।