एनसीपी के नेता डॉ. जितेंद्र आव्हाड
- फोटो : एएनआई
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के शरद पवार गुट के विधायक जितेंद्र आव्हाड की मुश्किलें कम होनें का नाम नहीं ले रही हैं। भगवान राम के खिलाफ विवादित बयान देने के कारण उनके खिलाफ एक और एफआईआर दर्ज की गई है। इससे पहले ही इसी मामले में पूर्व मंत्री के खिलाफ महाराष्ट्र में चार एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं। इन चार में दो मुंबई में, एक ठाणे जिले के नवघर पुलिस स्टेशन में और दूसरी पुणे में दर्ज कराई गई थी। बता दें, उन्होंने हाल में ही भगवान राम को मांसाहारी बताया था, जिसके बाद से विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि एनसीपी नेता के खिलाफ ताजा एफआईआर ठाणे शहर के वर्तक नगर पुलिस स्टेशन में बुधवार रात को दर्ज कराई गई। इसमें उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 295-ए (किसी भी वर्ग के धर्म या धार्मिक विश्वासों का अपमान करके उनकी धार्मिक भावनाओं को अपमानित करने के इरादे से जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कृत्य) की धाराएं लगाई गई हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता सेजल कदम ने 10 जनवरी को आव्हाड के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। फिलहाल मामले में पुलिस जांच कर रही है। आह्वाड को अभी तक किसी भी एफआईआर के तहत गिरफ्तार या कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
क्या दिया था बयान?
शिरडी में बुधवार को एक कार्यक्रम में आव्हाड ने कहा था कि भगवान राम शाकाहारी नहीं थे, वह मांसाहारी थे। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति 14 साल तक जंगल में रहेगा वो शाकाहारी भोजन खोजने कहां जाएगा? उन्होंने जनता से सवाल करते हुए कहा था कि क्या यह सही बात है या नहीं? उन्होंने आगे कहा था, 'कोई कुछ भी कहे, सच्चाई यह है कि हमें आजादी (महात्मा) गांधी और (जवाहर लाल) नेहरू की वजह से ही मिली। यह तथ्य कि इतने बड़े स्वतंत्रता आंदोलन के नेता गांधी ओबीसी थे, उन्हें (आरएसएस को) स्वीकार्य नहीं है। गांधीजी की हत्या के पीछे का असली कारण जातिवाद था।'
बाद में बयान पर खेद जताया
हालांकि, एक दिन बाद उन्होंने सफाई देते हुए कहा था, 'आज रामायण पढ़ लिजिए कि क्या लिखा है, आपको साफ हो जाएगा। लेकिन, किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो मैं खेद व्यक्त करता हूं। मैं किसी की भावनाओं को आहत नहीं करना चाहता था। लड़कियां उठाने वाले का नाम भी राम हैं और वो मेरे पर इल्जाम लगा रहे हैं।' उन्होंने कहा था, '22 तारीख तक किसी तर्क पर बात नहीं होगी, भावना पर ही बात होगी। इसलिए, मैं खेद व्यक्त करता हूं।'
अन्नामलाई के खिलाफ एफआईआर दर्ज
वहीं, तमिलनाडु में कथित तौर पर धार्मिक शत्रुता को बढ़ावा देने के आरोप में राज्य भाजपा अध्यक्ष के अन्नामलाई के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। अन्नामलाई के खिलाफ यह मामला आठ जनवरी को धर्मपुरी जिले में लूर्डेस चर्च की यात्रा करने के बाद दर्ज किया गया था। उस यात्रा के दौरान उनकी कुछ युवाओं के साथ तीखी बहस हुई थी। धर्मपुरी जिला पुलिस ने कहा कि एक स्थानीय निवासी की शिकायत और कानूनी राय लेने के बाद मामला दर्ज किया गया है। अन्नामलाई के खिलाफ आईपीसी की धारा 153 ए (धर्म आदि के आधार पर शत्रुता को बढ़ावा देना) और 504 (सार्वजनिक शांति भंग करने के लिए उकसाना) लगाई गई है। इसके अलावा एक अन्य धारा (505, उप-धारा 2) को भी एफआईआर में शामिल किया गया है।
कर्नाटक में दूषित दूध पीने के बाद 23 छात्रों की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
कर्नाटक के बेलगावी में गुरुवार को एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में दूषित दूध पीने के बाद 23 छात्रों को तबीयत अचानक बिगड़ गई। जिसके बाद सभी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया गया है कि बाद में दूध परोसने वाले व्यक्ति को बर्तन के नीचे एक मरी हुई छिपकली मिली। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) ने कहा कि एहतियात के तौर पर हमने दूध पीने वाले सभी बच्चों को अस्पताल में पहुंचाया। छात्रों को घबराने की शिकायत थी। हालांकि, उन्हें घटना के पीछे का कारण बताने से परहेज किया। प्राथमिक विद्यालय में लगभग 400 छात्र पढ़ते हैं। सुबह लगभग 11.30 बजे छात्रों को दूध दिया जाता है।
दिव्यांग लोगों की व्यावसायिक शिक्षा तक पहुंच बढ़ाने के लिए दिशानिर्देश जारी
केंद्र ने दिव्यांग लोगों की व्यावसायिक शिक्षा तक पहुंच बढ़ाने के लिए बृहस्पतिवार को दिशानिर्देश जारी किया। गोवा में चल रहे इंटरनेशनल पर्पल फेस्ट 2024 में जारी दिशानिर्देश व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण के क्षेत्र में दिव्यांग व्यक्तियों को समान अवसर देने का प्रयास है। दिशानिर्देश में यह भी सुनिश्चित किया गया है कि व्यावसायिक शिक्षा हर प्रशिक्षु के लिए आसानी से मुहैया हो। चाहे किसी की दिव्यांगता का स्तर कुछ भी हो। इसमें पुरस्कार देने वाले निकायों, मूल्यांकन एजेंसियों, प्रशिक्षण केंद्रों के अलावा अन्य हितधारकों की भूमिकाओं और जिम्मेदारियों का उल्लेख किया गया है।
पालघर में आग लगने से केमिकल कंपनी जलकर खाक
मुंबई से सटे पालघर जिले में गुरुवार को आग लगने से एक रासायनिक इकाई जलकर खाक हो गई। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस अधिकारी ने कहा कि अल्याली स्थित दीवान एंड संस कंपनी में आग लग गई और दो घंटे में उस पर काबू पा लिया गया। उन्होंने कहा कि आग लगने से घटनास्थल पर रखे रासायनिक ड्रम फट गए।
नौसेना प्रमुख ने दिल्ली में सऊदी नेवी चीफ के साथ की चर्चा
भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार और सऊदी नौसेना बल के चीफ ऑफ स्टाफ एडमिरल फहद अब्दुल्ला एस अल-घोफैली ने गुरुवार को आपसी सहयोग को मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की। घोफैली 10 जनवरी से भारत की चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रायसीना हिल्स परिसर के साउथ ब्लॉक लॉन में गार्ड ऑफ ऑनर से घोफैली का स्वागत किया गया। मंत्रालय ने कहा कि भारतीय नौसेना विभिन्न पहलों के माध्यम से रॉयल सऊदी नौसेना बल के साथ सहयोग करती है, जिसमें द्विपक्षीय नौसैनिक अभ्यास अल मोहम्मद अल हिंदी, प्रशिक्षण और अन्य समुद्री रास्ते जैसी परिचालन शामिल है।
रेलवे मंत्री ने की बुलेट ट्रेन परियोजना की समीक्षा
रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को बुलेट ट्रेन परियोजना की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने कहा कि मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना की प्रगति काफी संतोषजनक है। हालांकि, उन्होंने परियोजना के पूरा होने की कोई समय सीमा बताने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, यह एक जटिल परियोजना है और इस पर काम बहुत अच्छी गति से चल रहा है। परियोजना की समीक्षा करने के बाद मैं इसकी प्रगति से काफी प्रभावित हूं। वैष्णव ने कहा, मुंबई और अहमदाबाद के बीच कुल 508 किलोमीटर लंबी परियोजना में से 272 किलोमीटर की लंबाई पर वायाडक्ट (विशेष तरह का पुल) बनाया गया है। मार्ग पर आठ नदियां हैं और उनमें से पांच पर पुल बनाए गए हैं। उन्होंने कहा, सूरत और बिलिमोरा के बीच 50 किलोमीटर लंबे खंड को पूरा करने की समय सीमा 2026 है। काम तय कार्यक्रम के अनुसार चल रहा है।
ओडिशा में दो परिवारों के बी झड़प में पांच घायल, एक-दूसरे पर फेंका एसिड
ओडिशा के नुआपाड़ा जिले में गुरुवार को व्यापारिक प्रतिद्वंद्विता को लेकर दो परिवारों में झड़प हो गई। इस दौरान दोनों परिवारों के सदस्यों ने एक-दूसरे पर तेजाब फेंक दिया,जिसमें एक महिला सहित पांच लोग घायल हो गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि खरियार इलाके के दुआझार गांव में हुए एसिड हमलों में सुनार परिवार के एक दंपती और इसी व्यवसाय से जुड़े एक अन्य परिवार के तीन सदस्य घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों परिवार छोटे से गांव में एक ही तरह का व्यवसाय करते हैं, इसलिए व्यावसायिक प्रतिद्वंद्विता के कारण झड़प होने का संदेह है। उन्होंने बताया कि सभी घायलों को पहले खरियार अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में तीन की हालत बिगड़ने पर उन्हें नुआपाड़ा के जिला अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
टीडीपी नेता स्वामी दास और उनकी पत्नी YSRCP में शामिल
टीडीपी के वरिष्ठ नेता एन स्वामी दास और उनकी पत्नी सुधारानी गुरुवार को वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (YSRCP) में शामिल हो गए। दोनों ने अमरावती में पार्टी अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगनमोहन रेड्डी की मौजूदगी में वाईएसआरसीपी का दामन थामा। इससे पहले उन्होंने टीडीपी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
ईडी के खिलाफ जांच पर 31 मार्च तक रोक
कलकत्ता हाईकोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) अधिकारियों के खिलाफ बंगाल पुलिस की जांच पर 31 मार्च तक रोक लगा दी है। ईडी ने संदेशखली केस के बाद बंगाल पुलिस की एफआईआर के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। इसमें एफआईआर रद्द करने की मांग की गई थी। जांच पर रोक लगाते हुए कोर्ट ने राज्य सरकार को केस डायरी अदालत के सामने पेश करने का आदेश दिया।
राशन घोटाला मामले में बीते दिनों बंगाल के संदेशखली में तृणमूल नेता शाहजहां शेख के घर छापा मारने पहुंची ईडी की टीम पर ग्रामीणों की भीड़ ने हमला कर दिया था। इस मामले में ईडी के खिलाफ ही बंगाल पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली थी। इस एफआईआर में दीदार बख्श मुल्ला नामक व्यक्ति ने ईडी अधिकारियों पर छापे के दौरान चोरी करने, लोगों को पीटने और महिलाओं का अपमान करने का आरोप लगाया था। ईडी ने याचिका में इन आरोपों को निराधार बताया।
मालदा में बड़ी संख्या में नकली सिरप की बोतलें जब्त, दो गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में बड़ी मात्रा में खांसी के नकली सिरप बरामद किए हैं। इस संबंध में दो भाइयों अमीरुल एसके और अजीज एसके को बांग्लादेशी सीमा से सटे बैष्णबनगर से गिरफ्तार किया। दो अन्य व्यक्ति फरार हो गए। पुलिस ने कहा कि खांसी के सिरप की कुल 575 बोतलें जब्त की गईं। ये नकली सिरप फेंसेडिल से बनाए गए थे। फेंसेडिल निर्मित खांसी के सिरप पर भारत में प्रतिबंध है क्योंकि इसमें नशा होता है।
अघोषित बिक्री पकड़ने के बाद पॉलीकैब का शेयर 21% टूटा
आयकर विभाग के 10 अरब रुपये की अघोषित बिक्री के आरोपों के बाद बीएसई पर पॉलीकैब इंडिया का शेयर बृहस्पतिवार को 21.08 प्रतिशत गिरकर 3,877.40 रुपये पर बंद हुआ। दिन में कारोबार के दौरान कंपनी का शेयर 22.40 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ 3,812.35 रुपये पर आ गया था। यह गिरावट ऐसे ही जारी रही तो बहुत जल्द कंपनी के शेयर कोरोना महामारी के दौरान मार्च 2020 के निचले स्तर तक पहुंचेंगे। आयकर विभाग ने बुधवार को ही बताया था कि दिसंबर में एक कंपनी के ठिकानों पर तलाशी में अघोषित बिक्री पकड़ी गई। हालांकि, विभाग ने किसी कंपनी का नाम नहीं लिया लेकिन सूत्रों के मुताबिक वह पॉलीकैक कंपनी है।
पूर्व मंत्री नवाब मलिक की अंतरिम जमानत छह माह बढ़ी
सुप्रीम कोर्ट ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री नवाब मलिक की अंतरिम जमानत छह महीने बढ़ा दी। जस्टिस बेला एम त्रिवेदी और जस्टिस पंकज मिथल की पीठ ने प्रवर्तन निदेशालय का प्रतिनिधित्व कर रहे अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू की दलीलों को रिकॉर्ड में लिया कि अगर अदालत मलिक को दी गई अंतरिम जमानत को बढ़ाने का फैसला करती है तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। इसके बाद पीठ ने मलिक की मेडिकल जमानत की अवधि बढ़ा दी।
केरल सरकार ने आत्महत्या करने वाले किसान की संपत्तियों की कुर्की रोकी
केरल सरकार ने बृहस्पतिवार को उस धान किसान की संपत्तियों की कुर्की पर रोक लगाने का फैसला किया, जिसने पिछले साल नवंबर में कुट्टनाड क्षेत्र में आत्महत्या कर ली थी। सूत्रों के अनुसार, किसान के परिवार को हाल ही में उनके घर की कुर्की के लिए नोटिस भेजा गया था। उस पर केरल राज्य विकास निगम का ऋण का भुगतान बकाया था।
शीलवर्धन यूपीएससी के सदस्य नियुक्त
पूर्व सीआईएसएफ प्रमुख शीलवर्धन सिंह को बृहस्पतिवार को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) का सदस्य नियुक्त किया गया। सिंह ने नवंबर 2021 से दिसंबर 2023 तक केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के महानिदेशक के रूप में कार्य किया था। यूपीएससी भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) सहित अन्य सेवाओं के लिए सिविल सेवा परीक्षा आयोजित करता है। इसमें एक अध्यक्ष और अधिकतम 10 सदस्य हो सकते हैं। यूपीएससी सदस्य को छह साल की अवधि के लिए या 65 वर्ष की आयु प्राप्त करने तक नियुक्त किया जाता है।
विधु पी नायर होंगे अंगोला में भारत के अगले राजदूत
विधु पी नायर अफ्रीकी देश अंगोला में भारत के अगले राजदूत होंगे। विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी। वह वर्तमान में तुर्कमेनिस्तान में भारत के राजदूत हैं। नायर 2002 बैच के विदेश सेवा के अधिकारी हैं। उन्होंने मंत्रालय के निदेशक के रूप में भी काम किया है। नायर जल्द ही नया कार्यभार संभालेंगे।
तरुण बजाज यूएसआईएसपीएफ निदेशक बोर्ड में सलाहकार बने
पूर्व राजस्व सचिव तरुण बजाज को यूएस-इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम (यूएसआईएसपीएफ) के डायरेक्टर बोर्ड में सलाहकार बनाया गया है। हरियाणा कैडर के 1988 बैच के आईएएस अधिकारी बजाज (61) नवंबर 2022 में सेवानिवृत्त हुए थे। बजाज ने कोविड-19 के समय सरकार के आर्थिक मदद तैयार करने में अहम भूमिका निभाई थी। इसमें सरकार की ओर से आर्थिक सहायता और अन्य राहत के उपाय शामिल हैं। साथ ही उनका जीएसटी लागू करने और संग्रह बढ़ाने में बड़ा योगदान रहा।
राफेल थट्टिल सायरो-मालाबार चर्च के प्रमुख आर्कबिशप बने
बिशप राफेल थट्टिल को बृहस्पतिवार को प्रभावशाली सायरो-मालाबार चर्च का प्रमुख आर्कबिशप नियुक्त किया गया। कहा जाता है कि भारत और विदेशों में सायरो-मालाबार चर्च के 50 लाख अनुयायी हैं। थट्टिल को यहां के पास कक्कानाड में सेंट थॉमस माउंट में आयोजित एक धार्मिक समारोह में नियुक्त किया गया। बिशप सेबेस्टियन वानियाप्पुराकल ने समारोह का नेतृत्व किया जिसमें सायरो-मालाबार चर्च के चार आर्कबिशप ने भाग लिया। पोप फ्रांसिस की ओर से भेजा गया एक पत्र लगभग 45 मिनट लंबे कार्यक्रम में पढ़ा गया। पत्र में, जिसमें प्रमुख आर्कबिशप के रूप में उनकी नियुक्ति की पुष्टि की गई थी। थट्टिल सायरो-मालाबार चर्च के चौथे प्रमुख हैं। थट्टिल ने कार्डिनल मार जॉर्ज अलेनचेरी का स्थान लिया, जिन्होंने हाल ही में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
स्वास्थ्य मंत्री मांडविया का अखिलेश को जवाब
केंद्रीय उर्वरक मंत्री मनसुख मांडविया ने बृहस्पतिवार को स्पष्ट किया कि वर्तमान में नीम कोटेड (लेपित) यूरिया 266.5 रुपये प्रति 45 किलो बोरी बेचा जा रहा है और यही दरें जारी रहेंगी। खाद के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर सोशल मीडिया में पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव किसानों को गुमराह न करें। कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। हालांकि, मांडविया ने कहा कि अनुसंधान से किसानों के हित में नए सल्फर-कोटेड 'यूरिया गोल्ड' का विकास हुआ है और इसकी नई मात्रा और कीमत तय की गई है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान भी सपा नेता ने देश में बनी वैक्सीन पर सवाल उठाए थे। आज फिर उन्होंने हमारे वैज्ञानिकों का मजाक उड़ाया है।
सुप्रीम कोर्ट ने प्रमाणिक की अग्रिम जमानत अर्जी पर बंगाल से मांगा जवाब
सुप्रीम कोर्ट ने 2018 में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में अग्रिम जमानत के लिए केंद्रीय गृह राज्यमंत्री निसिथ प्रमाणिक की याचिका पर पश्चिम बंगाल सरकार से जवाब मांगा है। शीर्ष अदालत शुक्रवार को इस मामले पर विचार करेगी। जस्टिस बेला एम त्रिवेदी और जस्टिस पंकज मिथल की पीठ ने प्रमाणिक के वकील पीएस पटवालिया को याचिका की प्रति राज्य के वकील को सौंपने का निर्देश दिया। प्रमाणिक के वकील ने अदालत में बताया कि हाईकोर्ट ने उन्हें गिरफ्तारी से सुरक्षा देने से मना कर दिया था। पहले वह तृणमूल कांग्रेस में थे और अब भाजपा के साथ हैं। इस मामले में उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है। इस पर पीठ ने पूछा कि जब उनकी याचिका हाईकोर्ट में लंबित है तो वह वहां क्यों नहीं जा सकते। वकील ने बताया कि हाईकोर्ट 22 जनवरी को जांच करेगा और इस बीच आशंका है कि पुलिस प्रमाणिक को गिरफ्तार कर सकती है।
अब झूठे विज्ञापनों पर लगेगा जुर्माना, उपभोक्ता विभाग ने मसौदे को दिया अंतिम रूप
कंपनियों की ओर से पर्यावरण अनुकूल होने के झूठे दावे अब नहीं चलेंगे। उपभोक्ता मामलों के विभाग ने बृहस्पतिवार को इससे संबंधित दिशा-निर्देशों के मसौदे को अंतिम रूप दे दिया। इन पर 31 दिसंबर तक सुझाव मांगे गए थे, जिसके बाद मंगलवार को हुई बैठक में चिंतन किया गया। मसौदे पर उद्योग जगत की ओर से दिए गए कुछ सुझावों को सम्मिलित करने के बाद इन पर अंतिम मुहर लग जाएगी। दिशा-निर्देश लागू होने के बाद कंपनियों की ओर से पर्यावरण अनुकूल के लिए भ्रामक विज्ञापन देने पर उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019 के तहत जुर्माना लगेगा। ये दिशा-निर्देश सभी विज्ञापनों, सेवा प्रदाताओं, उत्पाद विक्रेताओं, विज्ञापनदाताओं, विज्ञापन एजेंसियों पर लागू होंगे।
विज्ञापन करने वाली मशहूर हस्तियों पर भी ये नियम लागू होंगे। इनकी ओर से दिए गए सभी पर्यावरण दावे सटीक और तथ्यपरक होने चाहिए। संबंधित विज्ञापन या संचार में क्यूआर कोड, वेब लिंक सहित ऐसी कोई भी तकनीक अपनाकर सभी प्रासंगिक जानकारी और सामग्री का खुलासा करना होगा। पर्यावरण के लेकर किए जाने वाले दावों में शोध के डाटा को केवल अनुकूल टिप्पणियां करने और प्रतिकूल टिप्पणियों छुपाने के लिए नहीं किया जाना चाहिए।