संजय सिंह की गिरफ्तारी इस मामले में बेहद महत्वपूर्ण है कि मनीष सिसोदिया के जेल जाने के बाद संजय सिंह केजरीवाल के सबसे बड़े सहयोगी बनकर उभरे थे। आम आदमी पार्टी की ओर से वे विपक्षी दलों की बैठक में हिस्सा ले रहे थे, और आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच तालमेल बिठाने में भी बड़ी भूमिका निभा रहे थे। आम आदमी पार्टी की ओर से केंद्र सरकार पर हमला करने वालों में वे सबसे मुखर थे।
संसद में सरकार पर हमला बोलने की बात हो या चुनावी मैदान में आम आदमी पार्टी की ओर से हमला बोलना हो, हर बार वे पार्टी के सबसे भरोसेमंद चेहरे के तौर पर उभरकर सामने आते थे। पार्टी ने यूपी विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश के पंचायत चुनावों में भी उन्हें ही कमान सौंपी थी। आगामी लोकसभा चुनाव में भी वे आम आदमी पार्टी की ओर से यूपी सहित हिंदी पट्टी के राज्यों में प्रभावी चेहरे के रूप में सामने आ सकते थे।
फिलहाल, जिस तरह सत्येंद्र जैन और मनीष सिसोदिया को लंबे समय के लिए जेल में रहना पड़ रहा है, उसे देखते हुए संजय सिंह के भी जेल से बाहर आने की जल्द संभावनाएं नहीं दिखाई दे रही हैं। ऐसे में लोकसभा चुनावों की आहट के बीच आम आदमी पार्टी की संभावनाओं को करारा झटका लग सकता है।
कर्मों का फल भुगत रही आप- भाजपा
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा है कि आम आदमी पार्टी को विक्टिम कार्ड नहीं खेलना चाहिए। शराब घोटाले में बेहद पुख्ता सबूत सामने आने के बाद ही संजय सिंह पर कार्रवाई हुई है। ऐसे में अब उनके पास बचाव का कोई उपाय नहीं है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल इस पूरे खेल के मास्टर माइंड हैं। आम आदमी पार्टी के नेताओं को भी अब उनकी असलियत समझ में आ रही है। उन्होंने कहा कि देर सबेर अरविंद केजरीवाल का भी जेल जाना तय है क्योंकि इस पूरे खेल के पीछे उनका ही दिमाग काम कर रहा था। रामवीर सिंह बिधूडी ने कहा है कि केजरीवाल की जगह विधानसभा नहीं, जेल है और उन्हें इसके लिए तैयार रहना चाहिए।