उत्तरी ध्रुव के ऊपर से सबसे लंबी उड़ान भरने का कार्य पूरा होते ही कैप्टन अग्रवाल के रिकॉर्ड की लिस्ट में एक और उपलब्धि जुड़ जाएगी। साल 2013 में उन्होंने बोइंग-777 विमान उड़ाया था और यह विमान उड़ाने वाली वह सबसे युवा महिला पायलट बन गई थीं। उन्होंने कहा, 'मैं बोइंग-777 उड़ाने वाली दुनिया की सबसे युवा महिला कमांडर हूं। महिलाओं को खुद में विश्वास होना चाहिए फिर समस्या कैसी भी क्यों न हो।'
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार कैप्टन जोया अग्रवाल ने कहा, 'मुझे गर्व है कि मेरी टीम में कैप्टन पापागारी, आकांक्षा सोनावने और शिवानी मन्हास जैसी अनुभवी कैप्टन हैं। यह पहली बार है जब पायलटों की ऐसी टीम उत्तरी ध्रुव के ऊपर से उड़ान भरेगी जिसमें केवल महिलाएं होंगी और एक तरह से यह इतिहास रचना होगा। यह किसी भी पेशेवर पायलट के लिए एक सपने की तरह है जो सच होने जा रहा है।'
इस अभियान के पूरा होते ही कैप्टन अग्रवाल एयर इंडिया की पहली महिला कमांडर बन जाएंगी जिसने उत्तरी ध्रुव के ऊपर से उड़ान को अंजाम दिया होगा। विशेषज्ञों के अनुसार उत्तरी ध्रुव के ऊपर से उड़ान भरना काफी जटिल काम है और इसके लिए कौशल और अनुभव की बहुत आवश्यकता होती है। हालांकि, पहले भी एयर इंडिया के पायलट यह काम करते रहे हैं, लेकिन पहली बार ऐसा महिला पायलट करेंगी।