अन्नाद्रमुक प्रमुख के. पलानीस्वामी ने सोमवार को डीएमके सरकार की निंदा की। उन्होंने आरोप लगाया कि विदेशी फोटोशूट और दिखावटी कार रेस के बीच मादक पदार्थों की व्यापकता तथा कानून-व्यवस्था के मुद्दों से जुड़ी तमिलनाडु की वास्तविक दयनीय स्थिति को छिपाने की सरकार कोशिश कर रही है।
अमेरिका की यात्रा और चेन्नई फार्मूला-4 स्ट्रीट रेस को लेकर तंज
मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की निवेश आकर्षित करने के लिए अमेरिका की यात्रा और चेन्नई फार्मूला-4 स्ट्रीट रेस का जिक्र करते हुए विपक्ष के नेता पलानीस्वामी ने दावा किया कि हत्याओं के मामले बढ़ते जा रहे हैं। वहीं मादक पदार्थ का चलन भी रत्ती भर कम नहीं हुआ है।
अगर कोई खबर पर ध्यान दे...
पूर्व सीएम ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर आरोप लगाया, 'अगर कोई खबर पर ध्यान देता है तो डीएमके सरकार के प्रचार से हटकर कानून एवं व्यवस्था के मुद्दे और नशीली दवाओं की व्यापकता के मामलों से समाचार पत्र भरा हुआ है, जो डीएमके शासन की वास्तविकता दिखाता है।'
तमिलनाडु का मादक पदार्थ की तस्करी में महत्वपूर्ण स्थान
ड्रग्स के कथित मिलने पर कुछ कॉलेज छात्रों की गिरफ्तारी की खबरों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी खबरें बड़ी चिंता का कारण हैं। पलानीस्वामी ने दावा किया कि यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी कि डीएमके शासन के तहत तमिलनाडु ने 'मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय तस्करों के जाल में' महत्वपूर्ण स्थान बना लिया है।
डीएमके सरकार की कड़ी निंदा
उन्होंने कहा, 'विदेशी फोटोशूट और दिखावटी कार रेस की चकाचौंध के बीच तमिलनाडु की वास्तविक दयनीय स्थिति को छिपाने की कोशिश करने के लिए डीएमके सरकार की कड़ी निंदा करता हूं।'
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि राज्य सरकार केवल ऐसे आयोजनों पर ध्यान दे रही है। अगले प्रचार' पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय, मुख्यमंत्री स्टालिन को कानून एवं व्यवस्था के मुद्दों और नशीली दवाओं के प्रसार के उन्मूलन से संबंधित राज्य की बुनियादी समस्याओं पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।