फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agnipath Scheme Protest Live: बिहार में उग्र हुआ प्रदर्शन, भाजपा विधायक के वाहन पर पथराव, पांच घायल

Thu, 16 Jun 2022 07:24 PM IST
संजीव कुमार झा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

सेना भर्ती को लेकर केंद्र सरकार द्वारा लाई गई अग्निपथ योजना को लेकर देश के कई राज्यों में विरोध तेज हो गया है। दिल्ली, यूपी, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में युवा प्रदर्शनकारी सड़क पर उतर आए हैं। विरोध का सबसे ज्यादा असर बिहार में देखा जा रहा है। कई जगह युवा रेलवे ट्रैक पर भी उतरे हैं और ट्रेनों की आवाजाही को रोक दिया है। बिहार के कई स्टेशनों पर ट्रेन पर पथराव किया गया है।
विज्ञापन
अग्निपथ पर बवाल - फोटो : Social media
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:24 PM, 16-Jun-2022

34 से अधिक ट्रेनें रद्द
युवाओं को सशस्त्र बलों में भर्ती करने और रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की परीक्षाओं में देरी के कारण 'अग्निपथ' योजना के विरोध में गुरुवार को 34 से अधिक ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। इसके साथ ही आठ ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द कर दिया गया। रेलवे ने कहा कि विरोध के कारण 72 ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं। पांच मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें और 29 यात्री ट्रेनें रद्द कर दी गईं।

05:46 PM, 16-Jun-2022

चिदंबरम ने सरकार पर साधा निशाना
वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने कहा कि 'अग्निपथ' योजना विवादास्पद है... इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि इस योजना के तहत भर्ती किए गए सैनिक बेहतर प्रशिक्षित और प्रेरित होंगे...हमने सेवानिवृत्त रक्षा अधिकारियों के विचार पढ़े और सुने हैं, लगभग सर्वसम्मति से उन्होंने इसका विरोध किया है।

05:21 PM, 16-Jun-2022

ममता बनर्जी ने कही यह बात
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि दंगा कभी हिंदू, मुसलमान, सिख नहीं करते ये तो कुछ लालची नेता करते हैं जिनका दिमाग कचरे से भरा है जो वहां से जंजाल बनाकर आग लगाते हैं। ये लोगों का दोष नहीं है बल्कि उनका दोष है जो लोगों को उकसाते हैं।

विज्ञापन
04:19 PM, 16-Jun-2022

राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान का बड़ा फैसला
राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (NIOS) रक्षा प्राधिकरण के साथ समन्वय में एक कार्यक्रम स्थापित कर रहा है, जिसमें 10वीं पास 'अग्निवीरों' के लिए शिक्षा जारी रखने और अनुकूल पाठ्यक्रम विकसित कर 12वीं का प्रमाणपत्र प्राप्त करने का अवसर दिया जाएगा। स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग ने गुरुवार को बड़ा एलान किया।

04:05 PM, 16-Jun-2022

मध्यप्रदेश में भी विरोध-प्रदर्शन
ग्वालियर में अग्निवीर भर्ती को लेकर छात्रों ने हंगामा किया। बिरला नगर रेलवे स्टेशन पर की तोड़फोड़ की गई। बताया जा रहा है कि बस में भी तोड़फोड़ की गई। ट्रेन में तोड़फोड़ के बाद पुलिस को बलप्रयोग करना पड़ा। लाठियां भांजकर पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ा।

विज्ञापन
02:47 PM, 16-Jun-2022

नवादा के भाजपा जिला कार्यालय में आगजनी

अग्नीपथ स्कीम के विरोध में बिहार के नवादा के भाजपा जिला कार्यालय में आगजनी हुई है। यहां कार्यालय की कुर्सियां और फर्नीचर जलाए गए हैं।

02:35 PM, 16-Jun-2022

बिहार में भाजपा विधायक के वाहन पर पथराव, पांच घायल

अग्निपथ योजना के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों ने नवादा के भाजपा विधायक अरुणा देवी के वाहन पर पथराव कर दिया। जिसमें विधायक समेत पांच लोग घायल हो गए।ये सभी अदालत की ओर जा रहे थे।

02:14 PM, 16-Jun-2022

इन छात्रों को अग्निपथ पर मत चलाइए मोदी जी: राहुल गांधी

अग्निपथ योजना के खिलाफ देश के कई राज्यों में हो रहे प्रदर्शन के समर्थन में राहुल गांधी ने ट्वीट कर पीएम मोदी पर निशाना साधा है। राहुल ने ट्वीट कर लिखा कि...
न कोई रैंक, न कोई पेंशन
न 2 साल से कोई direct भर्ती 
न 4 साल के बाद स्थिर भविष्य 
न सरकार का सेना के प्रति सम्मान 
देश के बेरोज़गार युवाओं की आवाज़ सुनिए, इन्हे 'अग्निपथ' पर चला कर इनके संयम की 'अग्निपरीक्षा' मत लीजिए, प्रधानमंत्री जी

02:14 PM, 16-Jun-2022

आप किसी के बहकावे में न आएं-योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि अग्निपथ योजना छात्रों के स्वर्णिम भविष्य के लिए है। इसलिए कोई भी बहकावे में न आएं।

01:40 PM, 16-Jun-2022

प्रदर्शन के कारण कई ट्रेनें प्रभावित

केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के खिलाफ छात्रों के प्रदर्शन के चलते कई ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। यहां देखें पूरी लिस्ट...

 

01:02 PM, 16-Jun-2022

बिहार के मुंगेर में भी भारी विरोध

अग्निपथ योजना के विरोध में मुंगेर में भी प्रदर्शन देखने को मिला। यहां छात्रों ने साफियासराय चौक को जाम कर दिया। इतना ही नहीं प्रदर्शनकारियों ने आगजनी भी की। इससे एनएच और जमालपुर मुंगेर रोड पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

यहां देखें वीडियो

01:02 PM, 16-Jun-2022

बिहार के सहरसा में रेलवे ट्रैक पर पहुंचे प्रदर्शनकारी

 सहरसा जिला में तो प्रदर्शनकारी इस योजना को रद्द करने के लिए रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए। इससे दो एक्सप्रेस ट्रेनें स्टेशन पर ही खड़ी रहीं। यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।


 

11:23 AM, 16-Jun-2022

Agnipath Scheme Protest Live: बिहार में उग्र हुआ प्रदर्शन, भाजपा विधायक के वाहन पर पथराव, पांच घायल


बिहार के कैमूर में ट्रेन में लगाई आग
अग्निपथ योजना को लेकर आक्रोश इतना भड़क गया कि युवाओं ने कैमूर में एक ट्रेन में आग लगा दी है। हालांकि इस दौरान पुलिस सतर्क दिखी और आनन-फानन में आग को बुझाया गया नहीं तो कोई बड़ी घटना घट सकती थी।

बिहार के आरा रेलवे स्टेशन पर तोड़फोड़
आरा रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शनकारियों ने जमकर तोड़फोड़ मचाई है। यहां मौजूद रेलवे ऑफिस में तोड़फोड़ की गई है।

गुरुग्राम में हाईवे जाम
अग्निपथ योजना का विरोध हरियाणा के गुरुग्राम में भी हो रहा है। गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर हाइवे को जाम किया गया है। वहीं युवाओं ने बिलासपुर थाना क्षेत्र से लगते एनएच 48 को भी जाम कर दिया है। युवाओं का कहना है कि पिछले तीन साल से फौज में भर्ती नहीं की गई है और अब सिर्फ 4 साल की भर्ती की जाएगी।

दिल्ली के नागलोई में भी प्रदर्शन
केंद्र सरकार द्वारा सेना में भर्ती के लिए हाल ही में पेश की गई अग्निपथ योजना का दिल्ली-एनसीआर में भारी विरोध हो रहा है। जहां गुरुवार को छात्रों ने सड़कों पर जाम लगा दिया वहीं दिल्ली के नागलोई इलाके में छात्रों ने रेलवे ट्रैक जाम कर दिया।

बिहार के जहानाबाद में एनएच 83 पर आगजनी
छात्रों ने जहानाबाद में एनएच 83 पर आगजनी करते हुए विराध जताया। इस कारण यहां थोड़ी देर के लिए यातायात व्यवस्था बाधित रही। छात्रों के विरोध के चलते गया-पटना मुख्य मार्ग पर आवागमन थोड़ी देर के लिए प्रभावित हुआ।

चार साल बाद हम कहां जाएंगे?: छात्र
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि भर्ती पहले की तरह की जाए, टूर ऑफ ड्यूटी (टीओडी) को वापस लिया जाए और परीक्षा पहले की तरह आयोजित की जाए। कोई भी सेना में सिर्फ 4 साल के लिए नहीं जाएगा। वहीं जहानाबाद में प्रदर्शन कर रहे एक अन्य प्रदर्शनकारी ने कहा कि केवल 4 साल काम करने के बाद हम कहां जाएंगे? 4 साल की सेवा के बाद हम बेघर हो जाएंगे। इसलिए हमने सड़कों को जाम कर दिया है, देश के नेताओं को अब पता चल जाएगा कि लोग जागरूक हैं। वहीं एक अन्य प्रदर्शनकारी ने कहा कि हम सशस्त्र बलों में शामिल होने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं। महीनों के प्रशिक्षण और छुट्टी के साथ 4 साल की सेवा कैसी होगी? सिर्फ 3 साल के प्रशिक्षण के बाद हम देश की रक्षा कैसे करेंगे? सरकार को वापस लेनी होगी यह योजना।

गोरखपुर के सहजनवां में लगाया जाम
उत्तर प्रदेश के कई शहरों में विरोध हो रहा है। विरोध का असर अब गोरखपुर में देखने को मिल रहा है। आक्रोशित युवाओं ने सहजनवां में जाम लगाया है। उन्होंने चार साल की नियुक्ति पर सवाल खड़े किए और इस व्यवस्था को बदलने की मांग की। युवाओं ने खजनी थाना क्षेत्र से पैदल विरोध करते हुए सहजनवां पहुंचे हैं। गोरखपुर में सड़कों पर जमा छात्रों का कहना है कि पहले तो तीन साल से सेना में भर्ती नहीं हो रही थी। अब सिर्फ चार साल की नौकरी वाली योजना पेश कर दी। ये हमारे साथ धोखा है।

उत्तराखंड में सड़क पर उतरे छात्र
 सेना में भर्ती की नई योजना अग्निपथ योजना लागू करने के विरोध में बेरोजगार संगठनों के पदाधिकारियों, युवाओं ने राजधानी सहित प्रदेश के अलग-अलग जिलों में जमकर हंगामा किया। युवाओं ने भाजपा की ओर से शहर के विभिन्न इलाकों में लगाए गए पोस्टरों, बैनरों को फाड़ डाला और केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हंगामा कर रहे युवाओं ने अग्निपथ योजना को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की मांग की। कहा यह युवाओं के साथ धोखा है। 

मथुरा में भी विरोध प्रदर्शन
 मथुरा जिले के युवाओं ने बुधवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कलक्ट्रेट पहुंचे युवाओं ने तीन साल पुरानी भर्ती को निरस्त करने का विरोध किया। प्रदर्शनकारी युवाओं ने सरकार से पुरानी सेना भर्ती को पुरानी प्रक्रिया के तहत ही पूरा करने की मांग की।विरोध प्रदर्शन में शामिल युवा कन्हैया ने बताया कि दिसंबर 2019 में आगरा मंडल के करीब एक लाख से अधिक युवाओं ने सेना भर्ती के लिए आवेदन किया था। सेना भर्ती रैली फरवरी 2021 में आगरा आयोजित की गई। इसमें दौड़ और मेडिकल में सफलता प्राप्त करने वाले 3300 से अधिक युवाओं को 25 अप्रैल 2021 में परीक्षा में शामिल होने की सूचना जारी की गई, लेकिन परीक्षा से पहले ही इसे निरस्त कर दिया गया। 
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें