गुमनामी की जिंदगी जी रहे बॉलीवुड के 'टार्जन'
आंखों में सपने लिए आए बहुत से सितारे सिर्फ वन टाइम वंडर बनकर रह गए। इसमें अभिनेता हेमंत बिरजे का नाम भी शामिल है जिन्हें कभी बॉलीवुड का 'टार्जन' कहा जाता था। कभी रातों रात चमकता सितारा बने हेमंत आज गुमनामी में जी रहे हैं।
सिक्योरिटी गार्ड का काम करते थे बिरजे
हेमंत बिरजे मुंबई में सिक्योरिटी गार्ड का काम करते थे। उन दिनों निर्देशक बब्बर सुभाष अपनी फिल्म के लिए हीरो की तलाश कर रहे थे। उन्हें एक ऐसे हीरो की तलाश थी जो देखने में ताकतवर हो लेकिन स्वभाव से थोड़ा शर्मीला। तब उनकी नजर हेमंत पर पड़ी थी।
सुभाष ने हेमंत को रोल के लिए कहा और उनकी ट्रेनिंग शुरू कर दी। चंद महीनों की ट्रेनिंग के बाद हेमंत कैमरे के आगे खड़े होने के लिए तैयार हो गए और इस तरह उनकी फिल्मों में एंट्री हो गई। 'एडवेंचर्स ऑफ टार्जन' में हेमंत को लीड रोल मिला था। फिल्म में उनके और किमी काटकर के बीच काफी बोल्ड सीन फिल्माए गए थे।
हेमंत ने जबरदस्त सुर्खियां बटोरीं
हेमंत बिरजे ने इस फिल्म से जबरदस्त सुर्खियां बटोरीं। इसके बाद उन्होंने और भी कई फिल्में की जिसमें वो सलमान खान और मिथुन चक्रवर्ती जैसे सुपरस्टार्स के साथ काम करते नजर आए थे। हालांकि हेमंत बिरजे की फिल्में फ्लॉप होने लगीं और वो धीरे-धीरे बॉलीवुड से गायब होने लगे। जब नए सितारे बड़े पर्दे पर छाने लगे तो लोग हेमंत को भूलने लगे।
इसके बाद वो इंडस्ट्री में किसी भी बात को लेकर चर्चा में नहीं आए। फिल्मों में काम ना मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति भी बिगड़ने लगी। 2016 में ऐसी खबरें सामने आई थीं कि उनकी माली हालत खराब होने के चलते वो बेघर हो गए। बताया गया कि जिस घर में वो रह रहे थे, वहां के मालिक ने उन्हें बाहर कर दिया था।