बीसीसीआई ने आईपीएल की लखनऊ और अहमदाबाद फ्रेंचाइजी को औपचारिक मंजूरी दे दी है। इसकी घोषणा आईपीएल के चेयरमैन बृजेश पटेल ने 11 जनवरी (मंगलवार) को गवर्निंग काउंसिल की बैठक के बाद की। बोर्ड ने इसके साथ आईपीएल नीलामी के लिए भी तारीखों का एलान कर दिया है। नीलामी 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरु में आयोजित होगी। बोर्ड ने दो नई टीमों अहमदाबाद और लखनऊ को नीलामी से पहले ड्रॉफ्ट के जरिए तीन-तीन खिलाड़ियों को चुनने के लिए दो सप्ताह का समय दिया है।
बीसीसीआई ने 25 अक्टूबर को दो नई टीमों का एलान किया था। आरपीएसजी ग्रुप के मालिक संजीव गोयनका ने लखनई और सीवीसी कैपिटल ने अहमदाबाद फ्रैंचाइजी पर बोली लगाई थी। अहमदाबाद के मालिकों पर सट्टेबाजी से जुड़े होने के आरोप लगे थे। बोर्ड ने की एक समिति ने इसकी जांच की। सीवीसी कैपिटल को इस मामले में हरी झंडी दे दी गई है।
आईपीएल के अध्यक्ष बृजेश पटेल ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, "हां, लखनऊ और अहमदाबाद दोनों फ्रेंचाइजी को औपचारिक मंजूरी दे दी गई है। दोनों को अपनी ड्राफ्ट पसंद (तीन-तीन खिलाड़ियों को चुनने के लिए) को अंतिम रूप देने के लिए दो सप्ताह का समय दिया गया है।" पटेल ने यह भी पुष्टि की कि आईपीएल की नीलामी 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरु में होगी।
आईपीएल नीलामी तक क्या-क्या होगा?
- अहमदाबाद और लखनऊ को ड्रॉफ्ट के जरिए चुनने हैं तीन-तीन खिलाड़ी।
- दोनों टीमों को खिलाड़ियों के चयन के लिए दो सप्ताह का वक्त मिला।
- राज्य और देशों के क्रिकेट संघ नीलामी के लिए खिलाड़ियों की लिस्ट जमा करेंगे।
- खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन के बाद नीलामी के लिए आखिरी लिस्ट तैयार होगी।