एक महिला के कथित अपहरण और अवैध रूप से बंधक बनाकर रखने के मामले में जद (एस) विधायक एचडी रेवन्ना के खिलाफ मामले की जांच तेज हो गई है। विशेष जांच टीम (SIT) ने सोमवार को बंगलूरू के बसवनगुड़ी स्थित उनके आवास का दौरा किया। इस दौरान टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। रेवन्ना परिवार की अनुपस्थिति में एसआईटी टीम ने उनके वकील गोपाल को घटनास्थल पर बुलाया। दो दिन पहले ही एसआईटी ने हासन जिले के होलेनरसीपुरा स्थित विधायक के घर का भी निरीक्षण किया था।
क्या है मामला?
दरअसल, पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के पुत्र रेवन्ना इन दो मामलों में घिरे हुए हैं। दोनों मामलों की जांच तेजी से चल रही है। पहला मामला घरेलू सहायिका के यौन उत्पीड़न से जुड़ा है, जिसमें रेवन्ना का बेटा भी आरोपी है। इसके अलावा दूसरा मामला दो मई को दर्ज अपहरण के मामले से जुड़ा है। प्रज्ज्वल की ओर से कथित तौर पर कई महिलाओं का यौन शोषण करने वाले वीडियो बड़ी संख्या में वायरल होने के बाद पीड़िता के बेटे ने आरोप लगाया कि रेवन्ना का सहायक सतीश बबन्ना उसकी मां को 29 अप्रैल को एक मोटरसाइकिल पर बिठाकर ले गया और उसे अवैध रूप से बंधक बनाकर रखा।
रेवन्ना के वकील ने लगाए गंभीर आरोप
इस बीच रेवन्ना के वकील गोपाल ने आरोप लगाया कि एसआईटी दल ने उन्हें जद(एस) नेता के बासवनगुडी स्थित आवास के भीतर जाने नहीं दिया। उन्हें मौके के मुआयने का नोटिस दिया गया था, लेकिन एसआईटी दल ने उन्हें अंदर नहीं जाने दिया। गोपाल ने पूछा कि मुझे अंदर जाने नहीं दिया गया, जबकि मुझे वहां मौजूद होना चाहिए था। अवैध चीजें चल रही हैं। मैं मौके के मुआयने के खिलाफ नहीं हूं। जब एसआईटी ने मुझे यहां मौजूद रहने का नोटिस दिया तो मुझे बाहर क्यों रखा गया? क्या मैंने कहा कि मैं सहयोग नहीं करूंगा?