आम आदमी पार्टी ने कहा है कि वह गोवा में सरकार बनने पर नौकरी के बदले पैसे देने के आरोपी मंत्रियों को जेल भेजेगी। आप के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आगामी विधानसभा चुनावों में आप की सरकार बनने पर संबंधित मंत्रियों को जेल भेजने और लोगों को पैसे वापस करने का आश्वासन दिया। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर आप सत्ता में आती है, तो इन चोरों को इतनी कड़ी सजा दी जाएगी कि कोई भी भविष्य में लोगों से पैसा ठगने की हिम्मत नहीं करेगा। हमारी सरकार उनसे आपका पैसा वापस ले लेगी। आम आदमी पार्टी की गोवा इकाई की ओर से केजरीवाल के हवाले से यह बयान जारी किया गया है।
भाजपा विधायक ने लगाया था आरोप
भाजपा विधायक अतानासियो मोनसेराटे ने रविवार को संवाददाताओं से कहा था कि राज्य के पीडब्ल्यूडी मंत्री दीपक पौस्कर ने उम्मीदवारों से रिश्वत ली थी और बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से मुलाकात कर भर्ती रद्द करने और दोबारा परीक्षा कराने की मांग की थी। पौस्कर ने आरोपों का खंडन करते हुए कहा था कि परीक्षा पणजी के सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज के विशेषज्ञों द्वारा आयोजित की गई थी और उनके विभाग की कोई भूमिका नहीं थी।
इसी तरह के आरोप गोवा कैबिनेट के एक अन्य मंत्री पर भी लगाए गए थे। केजरीवाल ने कहा कि भाजपा के एक विधायक ने अपनी ही पार्टी के मंत्री पर बड़ा आरोप लगाया है कि मंत्री सरकारी नौकरी देने के लिए पैसे लेते हैं। जब पार्टी के अपने विधायक ऐसा कहते हैं तो इसका मतलब है कि हालात बहुत ज्यादा खराब हैं।
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि गोवा में भ्रष्टाचार कोई नई बात नहीं है। यह कांग्रेस के समय में भी हुआ था। यह अब भाजपा के समय में हो रहा है। सरकारी नौकरी पाने के लिए आमतौर पर रिश्वत या रिश्तेदारी या किसी मंत्री के साथ दोस्ती की जरूरत होती है। यह बदल सकता है और यह आप पर निर्भर है।