गुजरात विधानसभा चुनावों के बाद आम आदमी पार्टी राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा प्राप्त कर चुकी है। अब देश के हर कोने में आम आदमी पार्टी अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही है। इस कड़ी में आप के पूर्वोत्तर प्रभारी राजेश शर्मा ने रविवार को कहा कि नगालैंड में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन मंगलवार को पार्टी द्वारा प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की जाएगी।
आप के पूर्वोत्तर प्रभारी राजेश शर्मा ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि कई उम्मीदवारों ने टिकट के लिए आप से संपर्क किया है, लेकिन उनमें से सभी पार्टी द्वारा निर्धारित मानदंडों पर खरे नहीं उतरे हैं।
नगालैंड की राजनीति पैसे का खेल
उन्होंने कहा कि नागालैंड में राजनीति पैसे का खेल है, नगालैंड में राजनीति की वर्तमान स्थिति पूरी तरह से पैसे पर निर्भर है। आप पार्टी कभी भी ऐसी राजनीति को प्रोत्साहित नहीं करती है, लेकिन ऐसे उम्मीदवारों को चाहती है, जो भ्रष्टाचार की राजनीति से ऊपर उठकर सकारात्मक बदलाव के लिए काम करना चाहते हैं।
राजेश शर्मा ने कहा कि पार्टी राज्य में अपने प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ जमीन हासिल करने को लेकर आशान्वित है। बैठक में मौजूद आप के प्रदेश अध्यक्ष आसु कीहो ने कहा कि उनकी पार्टी नगालैंड के लिए नई आशा और दृष्टि लाने को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि आप स्वच्छ राजनीति चाहती है और हम ऐसे उम्मीदवारों की तलाश कर रहे हैं जो परिणाम देने की स्थिति में हों।
नगालैंड में चलेगा अरविंद केजरीवाल का दिल्ली मॉडल
आगे उन्होंने कहा कि हमने दिल्ली और पंजाब में आप को देखा है। विकास का अरविंद केजरीवाल मॉडल नगालैंड में भी अच्छा काम करेगा। नगालैंड में 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए फरवरी में मतदान होगा। वोटों की गिनती दो मार्च को होगी।
अब तक सिर्फ छह उम्मीदवारों ने दाखिल किया नामांकन
नगालैंड में 27 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने में दो दिन शेष रह गए हैं और अब तक विभिन्न राजनीतिक दलों के केवल छह उम्मीदवारों ने अपने पर्चे जमा किए हैं। छह में से दो नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (एनडीपीपी) और एक उसकी सहयोगी बीजेपी से हैं। दो निर्दलीय भी हैं जबकि एक प्रतियोगी राइजिंग पीपल्स पार्टी का है।
एनडीपीपी और भाजपा 60 सदस्यीय विधानसभा वाले पूर्वोत्तर राज्य में लगातार दूसरी बार सत्ता में वापसी के लिए 40:20 सीटों के बंटवारे की व्यवस्था पर चुनाव लड़ रहे हैं। नागा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) ने अब तक 22 उम्मीदवारों की घोषणा की है और कांग्रेस ने अब तक 25 उम्मीदवारों के नाम जारी किए हैं। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), नेशनल पीपुल्स पार्टी, नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी और कई अन्य ने भी अपने उम्मीदवारों का नाम घोषित कर दिया है।