मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में भारी हिमपात की चेतावनी जारी की है। विभाग की मानें तो 17 और 18 जनवरी को प्रदेश में बर्फीला तूफान चलेगा। चंबा, लाहौल-स्पीति, कुल्लू, कांगड़ा, किन्नौर और शिमला में जहां भारी हिमपात व बारिश होगी, वहीं ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, सोलन और सिरमौर में गर्जना के साथ तेज वर्षा की संभावना है।
मौसम के इस बदलाव का कारण बनने वाले पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव 16 जनवरी से दिखना शुरू हो जाएगा। आगामी 4-5 दिनों तक प्रदेश में बारिश व हिमपात का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को उत्तरी पाकिस्तान पर पश्चिमी विक्षोभ का दबाव बना हुआ है। यह बुधवार से पश्चिमी हिमालय पर पूरी तरह से छा जाएगा। इसके प्रभाव से 17 और 18 जनवरी को प्रदेश के अधिकांश भागों में हिमपात व बारिश होगी, और समूचा प्रदेश प्रचंड शीतलहर की चपेट में आएगा।
विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश भागों में मौसम शुष्क बना रहा। मंगलवार को राजधानी शिमला सहित ज्यादातर स्थानों पर मौसम साफ रहा।
केलांग व कल्पा माइनस तो मनाली शून्य
मंगलवार को प्रदेश में सबसे कम तापमान केलांग का रहा। यहां का तापमान माइनस 6.5 डिग्री रिकार्ड किया गया। जबकि कल्पा माइनस 2.6 और मनाली 0.0 डिग्री रहा। राजधानी शिमला का न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री रहा। सुंदरनगर में तापमान 4.4, भुंतर 3.6, धर्मशाला 8.6, ऊना 3.8, मंडी 1.9, नाहन 5.6 व सोलन 2.2 डिग्री रिकार्ड किया गया।