पाकिस्तानी बैंक के निशान वाले करीब 150 गुब्बारों का एक गुच्छा जब हिमाचल प्रदेश के एक छोटे से गांव में गिरा तो वहां हंगामा मच गया।
हमीरपुर जिले के डलवाणा गांव में राजकुमार के घर के नजदीक खेतों में हरे, नीले और सफेद रंग के गुब्बारों का एक गुच्छा मिला है। क्षेत्र के लोगों ने खेतों में पड़े गुब्बारों को देखा।
उन्होंने गुब्बारों पर 150 ईयर इन पाकिस्तान लिखा देखा। इससे लोग घबरा गए और इसकी सूचना स्थानीय पुलिस थाने में दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गुब्बारों को कब्जे में ले लिया। इसमें धागे से इकट्ठा लगभग 150 गुब्बारे बंधे हुए थे। इनमें कु छेक गुब्बारे फटे हुए हैं।
एसपी ने बताया कि सफेद गुब्बारों पर स्टेंडर्ड चार्टर्ड और हरे, नीले रंग के गुब्बारों पर 150 ईयर इन पाकिस्तान लिखा है।
पुलिस ने गुब्बारों को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। प्रारंभिक छानबीन में पाया गया है कि पाकिस्तान में स्टेंडर्ड नाम का एक बैंक है। इसकी 150वीं वर्षगांठ पर गुब्बारे पाकिस्तान में छोड़े गए थे, जो आसमान में उड़ते हुए हमीरपुर के डलवाण गांव में गिरे हैं।
इससे पूर्व प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर भी ऐसे ही गुब्बारे मिल चुके हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि घबराने की आवश्यकता नहीं है। भविष्य में यदि ऐसी कोई वस्तु मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।