अधिशाषी अभियंता कार्यालय के बाहर करेंगे भूख हड़ताल
पूर्व मंडल अध्यक्ष सतीश शर्मा ने जल शक्ति विभाग पर लगाए गंभीर आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
घनारी (ऊना)। गगरेट भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष सतीश शर्मा के डंगोह खास स्थित घर में कई दिन से पीने के पानी की किल्लत है। उन्होंने जल शक्ति विभाग पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। शर्मा का कहना है कि विभागीय अधिकारी सुबह 10 बजे कभी भी कार्यालय नहीं पहुंचते और फील्ड में होने का बहाना बनाते हैं। जबकि हकीकत इसके विपरीत है। उनके घर से महज 50 मीटर की दूरी पर फॉल्ट है, जिसकी जानकारी उन्होंने अपने स्तर पर जुटाई है। अधिशाषी अभियंता गगरेट और सहायक अभियंता दौलतपुर चौक ने शिकायत के बाद मौके का निरीक्षण भी किया लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। सतीश शर्मा ने विभाग को 13 मई को लिखित शिकायत में एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है और चेतावनी दी है कि समाधान न होने पर अधिशाषी अभियंता कार्यालय के बाहर भूख हड़ताल करेंगे। उन्होंने विभाग पर जानबूझकर तंग करने का आरोप भी लगाया है। शर्मा ने कहा कि कुछ घरों की तीसरी मंजिल तक पानी पहुंच रहा है। किचन गार्डनों में पेयजल के कनेक्शन दिए हुए हैं, जबकि उनके घर में बूंद-बूंद का भी संकट बना हुआ है। उन्होंने कहा कि जिले से ही उपमुख्यमंत्री के पास इस विभाग का दायित्व होने के बावजूद जिले में ही इस विभाग के अधिकारी बेलगाम हैं, जो शर्मनाक है।
जल शक्ति विभाग के एसडीओ दौलतपुर चौक जोगिंदर सिंह ने आरोपों को बेबुनियाद बताया और कहा कि इनके घर की लाइन में खराबी होने की वज़ह से आज ही वैकल्पिक लाइन से कनेक्शन देने के लिए ठेकेदार को कह दिया है।