संतोषगढ़ (ऊना)। संतोषगढ़ शहर की पेयजल सप्लाई पानी बंद होने से हाहाकार मच गया है। नगर परिषद के लगभग पांच वार्डों में शनिवार देर शाम और रविवार को पूरा दिन पेयजल आपूर्ति बंद रहने से सैकड़ों परिवारों को परेशान होना पड़ा। लाखों लीटर पानी की खपत करने वाले नगर के नलों से 24 घंटों से एक बूंद नहीं टपकी। हालांकि जल शक्ति विभाग के अधिकारियों का कहना है कि रविवार देर शाम तक लोगों को पानी की आपूर्ति कर दी जाएगी।
जानकारी के अनुसार नगर परिषद की जोन ए की पानी सप्लाई स्कीम की मोटर खराब हो गई। इससे शनिवार देर शाम को पानी की आपूर्ति बाधित हो गई। इससे नगर के वार्ड तीन, सात, छह, सहित दूसरे कुछ इलाकों में पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई। गर्मी के मौसम में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है। लोगों को खेतों की सिंचाई के लिए लगाए ट्यूवबेल का सहारा लेना पड़ा।
नगर के वार्ड तीन निवासी पवन कुमार, बाल किशन, रमन कुमार, रमेश कुमार, प्रदीप कुमार, चेतन चब्बा का कहना है कि उन्हें पीने के पानी की आपूर्ति नहीं हो रही। कहा कि जलशक्ति विभाग पेयजल स्कीम में तकनीकी खराबी का तर्क दे रहा है इसे जल्द ठीक किया जाना चाहिए।
जलशक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता अशोक कुमार का कहना है कि नगर के जोन ए के एरिया में पड़ने वाले लगभग तीन-चार वार्डों में पानी की आपूर्ति मोटर खराब हो जाने से बाधित हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रविवार देर रात तक पानी सप्लाई कर दिया जाएगा।