ऊना। शहर के समीपवर्ती कोटला कलां लोअर गांव के ग्रामीण गांव की तरफ गंदे नाले का रुख बदलने को लेकर भड़क उठे हैं। इसके चलते उन्होंने वीरवार को जिला मुख्यालय पर हाईकोर्ट के आदेशों की अनुपालना न होने पर जलशक्ति विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। साथ ही जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता को शीघ्र कारवाई करने के लिए ज्ञापन सौंपा।
गांव के उपप्रधान महेश सैनी, पूर्व प्रधान संतोष सैनी, संजीव सैनी, हरपाल सिंह, यश सैनी, सरबन सैनी, सुरेश कुमार, पुनीत कुमार, पम्मी सैनी, तीर्थो देवी, बल्ली सैनी, सुरजीत कौर, विक्की, सतवीर, राकेश, बंटी, अश्वनी कुमार, विनय, आशीष, विजय, अविनाश, कृष्ण कुमार ने मौके पर पहुंचकर जल शक्ति विभाग की कार्यप्रणाली पर रोष जताया। उन्होंने विभाग को चेताया कि इस संबंध में विभाग ने जल्द से जल्द कार्रवाई नहीं की तो ग्रामीण उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।
संतोष सैनी, संजीव सैनी ने बताया कि कोटलाकलां लोअर में टक्का रोड के साथ जो अरनियाला गांव से गंदे पानी का नाला फ्रेंडस कॉलोनी को जाता था, उसका रुख बदलकर कोटला कलां की तरफ मोड़ दिया है। इसके चलते पिछले दिनों हुई बरसात के कारण नाले में अधिक पानी आने से घर, खेत-खलियान जलमग्न हो गए। इससे लोगों को नुकसान के साथ भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने कहा कि उच्च न्यायालय ने विभाग को निर्देश दिए थे कि कोटलाकलां के बरसाती नाले को 15 मार्च 2021 तक पक्का कर लाल सिंघी खड्ड से मिलाया जाए, लेकिन विभाग द्वारा समय रहते इसका निर्माण नहीं किया और न ही फ्रेंड्स कॉलोनी में रास्ते के साथ नाले का निर्माण किया गया।
इस कारण विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के कारण इसका खामियाजा कोटला कलां के ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। जलशक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता अरविंद सूद ने कहा कि विभाग द्वारा इस पर कार्रवाई की जा रही है। इसके प्लान को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जल्द ही नाले का निर्माण किया जाएगा।