संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। ऊना-संतोषगढ़ सड़क मार्ग पर 30 मई से 21 दिनों के लिए वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से बंद रहेगी। केवल दोपहिया वाहनों को ही आवाजाही की छूट रहेगी, जबकि अन्य बड़े वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट निर्धारित किए गए हैं। इस संबंध में जिला दंडाधिकारी राघव शर्मा ने आदेश जारी किए हैं।
ऊना-संतोषगढ़ सड़क मार्ग पर दोनों ओर बारिश के पानी की निकासी के लिए बनाए जा रहे नाले के निर्माण कार्य को सुचारू रूप से चलाने के लिए वाहनों की आवाजाही बंद की गई है, ताकि निर्माण कार्य सही तरीके व उचित समय पर हो सके। 30 मई से 20 जून तक ऊना-संतोषगढ़ सड़क मार्ग पर सफर करने वाले लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। इस अवधि के दौरान चंडीगढ़ से अंब, होशियारपुर, कांगड़ा, हमीरपुर वाया संतोषगढ़ होकर जाने वाले वाहन रामपुर पुल से सलोह, घालूवाल और झलेड़ा या संतोषगढ़ से ऊना वाया मैहतपुर/रायपुर सहोड़ां होकर जाएंगे।
इसके अलावा कांगड़ा, होशियारपुर और हमीरपुर से चंडीगढ़ वाया संतोषगढ़ होकर जाने वाले वाहन ऊना से नंगल वाया मैहतपुर होकर जाएंगे।
बता दें कि ऊना शहर में बरसात के दौरान उचित निकासी न होने के कारण जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है। इसके लिए शहर में 22 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत हुई है, जिसके तहत नाले बनाए जा रहे हैं। यह कार्य बरसात से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि इस बरसात में जलभराव की स्थिति न बने।
यह कार्य तेजी से पूरा करने के लिए ही उपायुक्त ने ऊना-संतोषगढ़ मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद करने के आदेश दिए हैं। उपायुक्त राघव शर्मा ने कहा कि शहर की महत्वपूर्ण परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए सभी का सहयोग अपेक्षित है। 21 दिनों के लिए सभी वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।