Updates of Maa Chintpurni Temple will be available from the live page of the police
अंब (ऊना)। अगर आप माता चिंतपूर्णी मंदिर दर्शन के लिए आना चाहते हैं तो ऊना पुलिस का फेसबुक लाइव पेज श्रद्धालुओं को योजना बनाने में मदद करेगा। पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस्तेमाल करने की योजना बनाई है। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल माता चिंतपूर्णी मंदिर श्री छिन्मस्तिका धाम से संबंधित लाइव अपडेट के लिए पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
माता चिंतपूर्णी मंदिर में श्रावण अष्टमी, असूज नवरात्र के मेलों में लाखों श्रद्धालु दर्शनों के लिए पहुंचते हैं। संक्रांति, शनिवार, रविवार, मंगलवार को भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। कई बार श्रद्धालुओं की संख्या ज्यादा होने से ट्रैफिक जाम, मंदिर में दर्शनों के लिए लंबी कतारों सहित अन्य समस्याओं से सामना होता है। जो लोग इससे अंजान रहते हुए मंदिर पहुंचते हैं तो उन्हें इन सब बातों से दो चार होना पड़ता है। इसके लिए ऊना पुलिस ने श्रद्धालुओं को अपडेट करने के लिए पहल की है। पुलिस की तरफ से एक लाइव फेसबुक पेज का संचालन किया जाएगा। इसकी देखरेख का जिम्मा डीएसपी अंब के पास रहेगा।
पेज के माध्यम से मंदिर क्षेत्र तथा आसपास माहौल कैसा है, किस क्षेत्र में कितनी भीड़ है, किस वक्त कहां पार्किंग की क्या सुविधा है आदि जानकारी दी जाएगी। साथ ही स्थानीय बाजारों में हालात क्या हैं, क्षेत्र में ट्रैफिक की स्थिति तथा मौसम इत्यादि का लोग घर बैठे पता लगा सकेंगे। इससे लोगों को माता चिंतपूर्णी मंदिर आने के लिए घर बैठे योजना बनाने में मदद मिलेगी।
योजना के सहारे पुलिस को क्षेत्र में व्यवस्थाओं के बेहतर प्रबंधन में मदद मिलने की भी उम्मीद है। एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि पुलिस जल्द ही माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर क्षेत्र की अपडेट के लिए पुलिस का लाइव पेज शुरू किया जाएगा। इससे मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को पहले ही मंदिर की जानकारी मिल जाएगी। संवाद