टाहलीवाल (ऊना)। हरोली क्षेत्र के तहत बाथू बाथड़ी इंडस्ट्री एरिया स्थित एक फैक्टरी में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को दबोच लिया है। अभी इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती है।
इंडस्ट्री के मालिक ने पुलिस में दो दिन पहले शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनकी इंडस्ट्री से पिछले कई दिनों से अज्ञात लोग चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। इस पर कार्रवाई करते हुए हरोली पुलिस ने दो दिन के भीतर ही आरोपियों को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है।
आरोपियों की पहचान चंदन कुमार और मुन्ना उर्फ साहू निवासी बिहार हाल निवासी बाथू के रूप में हुई है। यह दोनों बाथू की झुग्गियों में रहते हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी फैक्टरी से सामान चोरी करके गुरपलाह में कबाड़ का काम करने वाले अवतार सिंह को बेचा करते थे। पुलिस ने कबाड़ की दुकान पर दबिश देकर मौके से लगभग 55125 रुपये का चोरी का माल बरामद किया है।
पुलिस ने अवतार सिंह के विरुद्ध भी चोरी का माल खरीदने और चोरी मामले में संलिप्त होने पर केस दर्ज किया है। इस संबंध में डीएसपी हरोली अनिल पटियाल ने बताया कि आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही कि इस घटना में और कौन-कौन शामिल थे। किस तरह घटना को अंजाम दिया गया। मामले में जांच जारी है।