पंजावर (ऊना)। वन विभाग की टीम ने पंडोगा में एक ट्रक चालक को बिना परमिट पंजाब की ओर लकड़ी ले जाते हुए पकड़ा है। टीम ने ट्रक को लकड़ी समेत जब्त कर लिया है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई अमल पर लाई जा रही है।
जानकारी के अनुसार वन विभाग के रेंज अधिकारी संजीव ठाकुर के नेतृत्व में टीम ने पंजाब-हिमाचल की सीमा पर स्थित गांव पंडोगा में नाका लगाया हुआ था। शुक्रवार रात ऊना की ओर से होशियारपुर को जाते हुए ट्रक को रुकने का इशारा किया गया तो वह नाके पर नहीं रुका और होशियारपुर की ओर बढ़ गया। विभागीय टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसका पीछा करके उसे काबू किया। ट्रक में भारी मात्रा में विभिन्न किस्म की लकड़ी भरकर तिरपाल से ढकी हुई थी।
आरओ ऊना संजीव ठाकुर ने इसकी जानकारी अपने उच्च अधिकारियों को दी। इसके बाद दिशा-निर्देशानुसार उन्होंने ट्रक को विभाग के कब्जे में लिया और आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। इस बारे में आरओ संजीव ठाकुर ने बताया कि उनकी टीम ने जिला हमीरपुर के बड़सर से ट्रक में विभिन किस्म की लकड़ी बिना परमिट के पंजाब की ओर जाते समय पकड़ी है। ट्रक चालक से लकड़ी से संबंधित परमिट एवं दस्तावेज दिखाने को कहा गया तो वह असमर्थ रहा। जिस पर ट्रक को कब्जे में लेकर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि लकड़ी के ऐसे अवैध कारोबारियों पर विभाग लगातार नकेल कस रहा है। भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई की जाएगी।