भरवाईं (ऊना)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ चिंतपूर्णी मंदिर में चैत्र नवरात्रों के सातवें दिन शुक्रवार को श्रद्धालुओं की संख्या में काफी ज्यादा इजाफा दिखा। शाम चार बजे तक नौ हजार श्रद्धालु मां के दरबार में हाजिरी लगा चुके थे। भक्तों की ज्यादा संख्या के चलते मंदिर में रौनक जैसा माहौल बना रहा।
शुक्रवार को 20 से ज्यादा यात्री बसों में भी श्रद्धालु माता रानी के दरबार पहुंचे हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ में उत्तर प्रदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या अच्छी खासी रही। अष्टमी और नवमी के दिन भी चिंतपूर्णी में श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ जुटने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस बीच, मंदिर परिसर में सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जा रहा है और दिन में समय समय पर सेवादारों की ओर से सफाई की जा रही है। प्रसाद वितरण काउंटर पर श्रद्धालुओं को माता रानी का प्रसाद भी बांटा जा रहा है। चिंतपूर्णी मां के भक्त मां के दरबार में हाजिरी लगाकर खुशी खुशी घर लौट रहे हैं।
छठे नवरात्रे का मंदिर न्यास को 6 लाख 37 हजार 579 रुपए की नकदी का चढ़ावा प्राप्त हुआ है। इसके अलावा विदेशी मुद्रा भी मंदिर न्यास को प्राप्त हुई है। सहायक मंदिर अधिकारी अशोक डोगरा ने कहा कि चैत्र नवरात्र शांतिपूर्वक तरीके से चले हुए हैं।
मंदिर परिसर में सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। मां के दरबार में आने वाले कई श्रद्धालु मंदिर में हवन डालकर भी पूजा अर्चना कर रहे हैं।