भरवाईं मुबारिकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर किन्नू में खाई गिरी गाड़ी को बाहर निकालते हुए
- फोटो : Una
चिंतपूर्णी (ऊना)। भरवाईं-मुबारिकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह किन्नू में गाड़ी पहाड़ी से टकराने के बाद खाई में जा गिरी। गाड़ी में पति-पत्नी सवार थे। दोनों को हाइड्रा से पुलिस ने रेस्क्यू करवाया। दोनों का अंब सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शनिवार को कार सवार दंपती होशियारपुर जा रहा था। किन्नू में कार पहाड़ी से टकराकर खाई में जा गिरी। सूचना मिलते ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। खाई खतरनाक होने के कारण हाइड्रा से कार सवार घायलों को बाहर निकाला गया। जुगाड़ के जरिये कुर्सी को हाइड्रा से जोड़कर घायल को कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया। कार करीब 150 फुट खाई में गिरी थी। घायल पति की हालत गंभीर बताई जा रही है।
महिला को भी चोटें लगी हैं। घायलों को अंब सिविल अस्पताल उपचार के लिए भेजा है। घायल की पहचान 34 वर्षीय रोहित शर्मा पुत्र रामस्वरूप गांव धलबाड़ी और सरिता (29) के रूप में की गई है। थाना प्रभारी चिंतपूर्णी आशीष पठानिया ने बताया हादसे की जांच की जा रही है।