गरीबों और दलितों को न्याय के लिए पहुंच होगी आसान : कुलदीप
बोले, जल्द होगा विधिवत शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग का कार्यालय ऊना जिले के रामपुर में स्थापित किया जा रहा है। यह कार्यालय ऊना-संतोषगढ़ रोड़ पर कृषि विज्ञान केंद्र के सामने स्थित सरकारी भवन में खोला जाएगा। इसका विधिवत शुभारंभ जल्द ही किया जाएगा।
आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार ने वीरवार को परिधि गृह ऊना में आयोजित नवगठित राज्य अनुसूचित जाति आयोग की प्रथम औपचारिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी दी। बैठक में आयोग के सदस्य अधिवक्ता विजय डोगरा तथा अधिवक्ता दिग्विजय मल्होत्रा और सदस्य सचिव का कार्यभार देख रहे सहायक आयुक्त वरिंद्र शर्मा मौजूद रहे। कुलदीप कुमार ने हिमाचल प्रदेश सरकार के इस महत्वपूर्ण कदम के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का आभार व्यक्त किया। कहा कि ऊना में कार्यालय स्थापित करने के फैसले से गरीब और पिछड़े वर्गों को विशेष लाभ होगा। प्रदेश सरकार का यह कदम अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों के सशक्तीकरण और उनके अधिकारों की सुरक्षा के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
बॉक्स
कार्यालय स्थापना की तैयारियों का लिया जायजा
आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार ने बताया कि उन्होंने आयोग के सदस्यों के साथ रामपुर का दौरा कर कार्यालय स्थापना की तैयारियों का निरीक्षण किया। कार्यालय को शीघ्र ही पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा। इसके बाद आयोग अपनी क्रियाशीलता के साथ अनुसूचित जाति वर्ग के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए तत्परता से कार्य आरंभ कर देगा।