मैहतपुर (ऊना)। शराब कारोबारी की आपसी रंजिश के चलते बुधवार रात 10:30 बजे मुख्य बाजार में स्थित एक शराब की दुकान पर दो करिंदों से मारपीट किए जाने की शिकायत सामने आई है। एक प्राइवेट नंबर गाड़ी से कुछ लोग शराब की दुकान पर आए और वहां स्थित सेल्समैन से बहस करने लगे और देखते ही देखते बहसबाजी मारपीट में बदल गई।
शराब कारोबारी टीएल द्विवेदी ने स्थानीय पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस कर्मचारियों की मौजूदगी में कुछ गुंडा तत्वों ने आकर उनके करिंदों से मारपीट की तथा उनको ही थाने ले गए। द्विवेदी ने पुलिस अधीक्षक ऊना से मिलकर उक्त मामले की जांच करने की मांग उठाई है। उधर पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि मामले में स्थानीय पुलिस से जानकारी हासिल की गई है। सभी पक्षों के बयान के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।