अंब (ऊना)। चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के दौरे में आए सीएम जयराम ठाकुर ने 200 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के उद्घाटन व शिलान्यास कर जनता को सौगातें दीं। इस मौके पर विधायक बलबीर सिंह ने इलाके की मांगों को सीएम के समक्ष रखा। बाद में केंद्रीय मंत्री व स्थानीय सांसद अनुराग ठाकुर ने भी इन मांगों पर अपनी सहमति जताई। सीएम ने भी लगभग सभी मांगों को स्वीकारते हुए घोषणाएं कीं।
सीएम जयराम ठाकुर ने अंब के सोहारी में लोक निर्माण विभाग का कनिष्ठ अभियंता अनुभाग खोलने की घोषणा की। वहीं, जलशक्ति विभाग के बाढ़ नियंत्रण उपमंडल का विलय अंब मंडल में करने, अग्निशमन उप-केंद्र अंब को अग्निशमन केंद्र में स्तरोन्नत करने की घोषणा की। इसके अलावा ग्राम पंचायत सूरी में स्वास्थ्य उप-केंद्र खोलने, सपोरी में नया पटवार वृत, थातल और चकसराय में पशु औषधालय खोलने, डिग्री कॉलेज अंब में समाज शास्त्र की स्नातकोत्तर कक्षाएं शुरू करने, कथोड़ बेला और कैथ में राजकीय प्राथमिक पाठशाला खोलने, किन्नू भलौण और बहुरी की राजकीय उच्च पाठशाला को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में स्तरोन्नत करने की घोषणा की।
लोअर अंदौरा की राजकीय माध्यमिक पाठशाला को राजकीय उच्च पाठशाला में स्तरोन्नत करने, कटौहड़ कलां की राजकीय प्राथमिक पाठशाला को राजकीय माध्यमिक पाठशाला में स्तरोन्नत करने, सपौरी की राजकीय प्राथमिक पाठशाला को केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला में स्तरोन्नत करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सदाशिव मंदिर के रोपवे के लिए सर्वे करवाया जाएगा। इसकी रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि अंब में सीएम ने 82.33 करोड़ रुपये के 15 लोकार्पण और 117.19 करोड़ रुपये के 18 शिलान्यास किए। इस अवसर पर राज्य औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार, पूर्व विधायक सुषमा शर्मा एवं नवीन धीमान, जिला भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल, मंडल भाजपा अध्यक्ष कुलदीप सिंह, उपायुक्त राघव शर्मा, पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन व अन्य मौजूद रहे।