गगरेट (ऊना)। गगरेट क्षेत्र में मुख्य मार्ग बंद होने के बाद वैकल्पिक रूप से इस्तेमाल किए जा रहे पुराने अंब मार्ग की हालत अब खराब हो गई है। लगातार भारी वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क का एक हिस्सा धंस गया है, जिससे वाहन चालकों और स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है। लोगों ने नगर पंचायत से जल्द सड़क की मरम्मत करवाने की मांग की है।
बताया जा रहा कि गगरेट चौक सड़क के क्षतिग्रस्त होने के बाद छोटे और बड़े वाहनों को पुराने अंब मार्ग से होकर निकाला जा रहा था। सामान्य दिनों में इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही बहुत कम रहती थी लेकिन मुख्य मार्ग बंद होने के कारण ट्रक, टिपर और अन्य भारी वाहन भी इसी सड़क से गुजरने लगे। लगातार बढ़े दबाव के चलते सड़क का हिस्सा धंस गया और कई स्थानों पर दरारें भी दिखाई देने लगी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क धंसने से अब इस मार्ग पर सफर करना जोखिम भरा हो गया है। दोपहिया वाहन चालकों को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है जबकि बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है।
क्षेत्रवासियों में अशोक कुमार, बलराज सिंह, रमन कुमार, मदन लाल, धर्मपाल ने नगर पंचायत और संबंधित विभाग से आग्रह किया है कि सड़क की जल्द मरम्मत कर इसे सुरक्षित बनाया जाए।
उधर नगर पंचायत के कनिष्ठ अभियंता अंकुश कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। इस मार्ग कि जल्द ही मरम्मत करवा दी जाएगी।