One person died and one injured in two road accidens in Una
जोल/नारी (ऊना)। जिले में दो सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक बुजुर्ग घायल हो गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है। हादसों के कारणों का पता लगाया जा रहा है। दोनों हादसों में घटना के बाद वाहन समेत चालक फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार बडूही में मंगलवार शाम को एक वाहन की चपेट में आने से बाइक चालक की मौत हो गई। नेक मोहम्मद पुत्र स्व. नियामत अली निवासी गांव बडूही डाकघर चौकीमन्यार तहसील बंगाणा जिला ऊना ने शिकायत दर्ज करवाई है कि मंगलवार शाम करीब पौने सात बडूही में शादी समारोह में था तो बाहर सड़क पर जोर से किसी वाहन के टकराने की आवाज सुनाई दी।
इस पर सड़क पर पहुंचा तो वहां पर एक बाइक सड़क के किनारे गिरी हुई थी। इसका चालक भी सड़क के किनारे गिरा था। जिसकी मौत हो गई थी। किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से यह हादसा हुआ है। मृतक की पहचान शेर सिंह पुत्र राम सिंह निवासी गांव कोट जिला होशियारपुर, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध थाना बंगाणा में केस दर्ज कर लिया है।
वहीं ख्वाजा बसाल के पास एक बुलेट ने एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गया। प्रेम लता पत्नी चंद्र कांत निवासी वार्ड एक रैंसरी तहसील एवं जिला ऊना ने शिकायत दर्ज करवाई है कि बीते मंगलवार को वह, उसकी छह साल की बेटी रिधिमा और ससुर दौलत राम (72) घर पैदल जा रहे थे।
करीब साढ़े सात बजे ख्वाजा बसाल के प्राइमरी स्कूल के पास पहुंचे तो एक बुलेट ने उसके ससुर को पीछे से टक्कर मार दी और मौका से भाग गया। एक अन्य मामले में ऊना शहर में नंदा अस्पताल के पास एक सड़क दुर्घटना हो गई। दोनों पक्षों में समझौता हो गया। ऐसे में केस दर्ज नहीं हो पाया। उधर, एएसपी प्रवीण धीमान ने बताया कि केस दर्ज कर लिए गए हैं। मामले में जांच जारी है।