संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल में अब एनेस्थीसिया विशेषज्ञ के अवकाश पर जाने से ऑपरेशन नहीं टलेंगे। अस्पताल में अब दो एनेस्थीसिया विशेषज्ञों ने अपनी सेवाएं देना शुरू कर दी हैं। इससे अब एक एनेस्थीसिया विशेषज्ञ के किसी कारण से अवकाश पर जाने ऑपरेशन स्थगित नहीं होंगे।
इसके अलावा आपातकाल में मरीज को अन्य अस्पताल के लिए रेफर भी नहीं करना पड़ेगा। इससे अस्पताल प्रबंधन के अलावा मरीजों को भी काफी राहत मिलेगी। जिले के सबसे बड़े अस्पताल में फिलहाल एक ही एनेस्थीसिया विशेषज्ञ तैनात थे। अब एक और विशेषज्ञ डॉक्टर को यहां नियुक्त किया गया है। अब दो विशेषज्ञ डॉक्टर होने पर ऑपरेशन संबंधी दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
मरीजों को अब हर समय एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की सुविधा मिल पाएगी। किसी भी तरह के आपरेशन के लिए एनेस्थीसिया विशेषज्ञ सबसे पहले मरीज को बेहोश करने की प्रक्रिया अमल पर लाता है। इसके बाद ही दूसरे विशेषज्ञ डॉक्टर आपरेशन की प्रक्रिया करते हैं। एनेस्थीसिया विशेषज्ञ उपलब्ध न होने पर मरीज को बेहोश नहीं किया जा सकता है। ऐसे में आपरेशन स्थगित कर उपलब्धता वाले दिन रखा जाता था।
अब इस तरह की स्थिति नहीं रहेगी। बता देें कि क्षेत्रीय अस्पताल में रोजाना दस से बारह ऑपरेशन होते हैं। ऐसे में हर समय ऑपरेशन के लिए एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की जरूरत पड़ती है। इस संबंध में क्षेत्रीय अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमन शर्मा ने बताया कि अस्पताल में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ के तौर परमनिंद्र सिंह रायजादा ने कार्यभार संभाला है। अस्पताल में अब दो एनेस्थीसिया विशेषज्ञ हो गए हैं। इससे मरीजों को काफी लाभ होगा।