ऊना-संतोषगढ़ मार्ग पर शुक्रवार देर रात हुआ हादसा, मौके पर तोड़ा दम
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। ऊना-संतोषगढ़ सड़क मार्ग पर एचपी पेट्रोल पंप के समीप वार्ड नंबर नौ में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। मृतक की पहचान मनोनीत पार्षद करनैल सिंह (45) पुत्र चूहड़ सिंह निवासी वार्ड नंबर नौ ऊना के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में नरेंद्र पुरी पुत्र नरेश पुरी निवासी संतोषगढ़ घायल हुआ है। नरेंद्र पुरी को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना से पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर तफ्तीश आरंभ कर दी है।
जानकारी के अनुसार करनैल सिंह शुक्रवार रात साढ़े 12 बजे के सड़क पर जा रहा था कि उसे एक स्कूटी ने चपेट में ले लिया। हादसा इतना जबरदस्त था कि करनैल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूटी सवार नरेंद्र पुरी घायल हो गया। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस कर्मी मौका पर पहुंचे और घायल नरेंद्र पुरी को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार देकर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, जबकि करनैल सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया। उधर, पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।