बमनिरोधक दस्ता की टीम चिंतपूर्णी मंदिर में जांच करती हुए।संवाद
- फोटो : स्रोत-सोशल मीडिया
200 पुलिस जवान रहेंगे तैनात : संजीव
चिंतपूर्णी मंदिर में नवरात्र को लेकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत
संवाद न्यूज एजेंसी
भरवाईं (ऊना)। चिंतपूर्णी मंदिर में नवरात्र के उपलक्ष्य पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। शनिवार को पुलिस के बम निरोधक दस्ते की टीम ने चिंतपूर्णी मंदिर का चप्पा चप्पा छान मारा। इस टीम के साथ चिंतपूर्णी के थाना प्रभारी जयराम शर्मा भी मौजूद रहे। चिंतपूर्णी में रविवार से चैत्र नवरात्र शुरू हो रहे हैं। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की टीम ने चिंतपूर्णी मंदिर की लिफ्ट से लेकर मंदिर के निकासी गेट, मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार और मंदिर का हर कोना छान मारा। इस निरीक्षण के दौरान टीम ने मंदिर के अंदर और बाहर के सभी हिस्सों की जांच की, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि मंदिर में कोई भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति न हो। चिंतपूर्णी मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए यह निरीक्षण किया गया है, ताकि नवरात्र के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। मेले के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेला क्षेत्र को चार सेक्टर में बांटा गया है। एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि इस दौरान 200 पुलिस जवानों के अलावा होमगार्ड जवान तैनात रहेंगे। मेले के दौरान मंदिर और मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरों का समुचित उपयोग किया गया ताकि असामाजिक तत्वों के जरिये होने वाली अप्रिय घटनाओं को रोका जा सके। एसडीएम अंब सचिन शर्मा ने बताया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को आपातकालीन चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के लिए चिंतपूर्णी अस्पताल में 24 घंटे सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इसके लिए खंड चिकित्सा अधिकारी अंब को मेला चिकित्सा अधिकारी लगाया गया है। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग और आयुर्वेद विभाग की ओर से एक-एक अतिरिक्त मेडिकल पोस्ट भी स्थापित की गई है। जहां पर श्रद्धालुओं को आवश्यकता के अनुसार उपचार प्रदान किया जाएगा।
बाक्स
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत मेला अवधि के दौरान मंदिर में नारियल ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नारियल मंदिर के मुख्य गेट से पहले डीएफएमडी के स्थान पर लाइन में ही यात्रियों से जमा कर लिए जाएंगे। माता चिंतपूर्णी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह साइन बोर्ड लगवाना भी सुनिश्चित किया जाएगा।
बाक्स
मेले के दौरान लंगर लगाने के लिए लंगर कमेटी से अनुमति लेना अनिवार्य है। इसके लिए 10 हज़ार फीस निर्धारित की गई है। इसके अलावा लंगर आयोजकों को कमेटी की ओर से स्वच्छता व सड़क सुरक्षा सहित सभी निर्धारित नियमों का पालन करना होगा। अन्यथा उन्हें लंगर के लिए जारी किए गए परमिट रद्द किए जा सकते हैं। लंगर का आयोजन सड़क से निर्धारित दूरी पर किया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को आवाजाही तथा यातायात में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
बाक्स
माता चिंतपूर्णी में भिक्षावृत्ति पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसे रोकने के लिए पुलिस और होमगार्ड के जवान कड़ी नजर रखेंगे। आग की घटनाओं की रोकथाम के लिए अग्निशमन विभाग को मेले से पूर्व अग्निशमन यंत्रों को पूरी तरह से कार्यशील करने के निर्देश दिए।