अंब (ऊना)। क्षेत्र में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जिसमें एक कर्मचारी का मोबाइल फोन हैक कर उसके संपर्कों से सवा दो लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली गई। यह घटना उस समय हुई जब पीड़ित एक विवाह समारोह में शामिल होने गया था।
जानकारी के अनुसार, समारोह के दौरान कर्मचारी को एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने किसी पार्सल के आने की बात कहकर उसे बातचीत में उलझा लिया और चालाकी से ओटीपी हासिल कर लिया। ओटीपी मिलते ही ठगों ने उसके मोबाइल फोन का पूरा नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया। फोन हैक होने के बाद शातिरों ने उसकी संपर्क सूची में मौजूद लोगों को संदेश भेजे। संदेश में लिखा गया कि उनका यूपीआई काम नहीं कर रहा है और उन्हें तुरंत 45 हजार रुपये की जरूरत है, जो बाद में लौटा दिए जाएंगे। भरोसे में आकर कई लोगों ने ठगों द्वारा भेजे गए स्कैनर पर पैसे ट्रांसफर कर दिए। जब तक कर्मचारी को इस धोखाधड़ी का पता चला और उसने लोगों को सतर्क करने की कोशिश की, तब तक कई लोग ठगी का शिकार हो चुके थे। कुल मिलाकर ठग सवा दो लाख रुपये से अधिक की राशि अपने खाते में डलवा चुके थे।
डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि साइबर अपराधी रोज नए-नए तरीके अपना रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी सहायता संबंधी संदेश पर भरोसा करने से पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे फोन पर बात जरूर करें और बिना पुष्टि के किसी भी खाते में पैसे न भेजें।