खेलकूद और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्कूल प्रबंधन की सराहना
पंजाबी और देशभक्ति गीतों पर प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। गुरुकुल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल पक्का परोह में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह रविवार को मनाया गया। समारोह में विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर गुरुकुल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के एमडी राजेश गौतम ने मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि सुदर्शन सिंह बबलू ने स्कूल की शैक्षणिक, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्कूल प्रबंधन की सराहना की। कहा कि वार्षिक समारोह जैसे मंच बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उनमें आत्मविश्वास भरने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को पर्याप्त समय दें और उनके साथ निरंतर संवाद बनाए रखें, ताकि वे जिम्मेदार नागरिक बन सकें। प्रधानाचार्य शिवानी गुलेरिया ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। जिसमें उन्होंने शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ सह-पाठयक्रम गतिविधियों और खेल जगत में स्कूल के शानदार प्रदर्शन का ब्योरा दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पहाड़ी, पंजाबी और देशभक्ति के गीतों पर एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान लकी ड्रा भी निकाले गए और विजेताओं को उपहार दिए गए। एमडी राजेश गौतम ने अपने वक्तव्य में दोहराया कि स्कूल का मुख्य उद्देश्य बच्चों को गुणात्मक शिक्षा प्रदान करना है।
ये हुए सम्मानित
इस दौरान मेधावी तनव संदल, माधवी शर्मा, श्रेया शर्मा, नवनीत कौर, कृतिका शर्मा, अंकिता साक्षी व सिमरन को सम्मानित किया गया। अक्षिता गोस्वामी, सिमरन और निहारिका कनिका शर्मा, आस्तिक वशिष्ठ, रजनेश कुमार, अय्यान, अनन्या शर्मा, मयंक ठाकुर, सिद्धांत, प्रिशा, सुजल ठाकुर, रजनेश कुमार व सक्षम, आरव ठाकुर, हिमांशु चौधरी, ईशान डोगरा यश को भी पुरस्कार से नवाजा गया।