भरवाईं (ऊना)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ चिंतपूर्णी मंदिर में दूसरे राज्यों से श्रद्धालु बड़ी संख्या में आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं। यहां हर माह करोड़ों रुपये का चढ़ावा श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाया जाता है। इसके बावजूद मां के भक्तों को जरूरी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
मंदिर न्यास श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने के दावे तो जरूर करता है, लेकिन धरातल पर कोई सुविधा नजर नहीं आती। रविवार को मां के दरबार में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ देखने को मिली। इसके बावजूद पुराने बस स्टैंड से गेट नंबर दो तक धूप से बचने के लिए कहीं भी छायादार टेंट की व्यवस्था नहीं की गई थी। इसके अलावा पेयजल और शौचालयों के लिए भी श्रद्धालु भटकते नजर आए। मंदिर न्यास की एंबुलेंस सेवा बंद रहने से बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। हालांकि मंदिर न्यास के शौचालयों को बनाने को लेकर माधो के टिल्ले पर प्रोजेक्ट को लेकर प्रशासन प्रयासरत है, लेकिन जब तक इन पर कार्य शुरू नहीं हो जाता तब तक कोई वैकल्पिक सुविधा का इंतजाम किया जाना चाहिए। वहीं रविवार का दिन होने के कारण भीड़ अधिक थी और अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की कमी फिर कम देखने को मिली।
उधर, उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने कहा कि एंबुलेंस चलाने के लिए ड्राइवर नहीं है। इसकी मांग होमगार्ड से की गई है। इसके अलावा रविवार को श्रद्धालुओं को धूप से बचाने के लिए इंतजामों को और बेहतर बनाने के लिए मंदिर अधिकारी को आदेश दिए गए हैं।