ग्राम पंचायत झंबर में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत रविवार को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बाल विकास परियोजना अधिकारी ऊना रूपेश तोमर भी शामिल रहे।
इसमें 100 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में लोगों को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ स्कीम की जानकारी दी। जिला ऊना के बाल लिंगानुपात के बारे में भी बताया गया।
ग्रामीणों को समाज में बेटियों के प्रति अपनी सोच को बदलने तथा बेटों को भी अच्छे संस्कार देने को कहा गया। उन्होंने बताया कि हर गर्भवती महिला को पहली तिमाही में ही अपना पंजीकरण आंगनबाड़ी केंद्र व स्वास्थ्य उपकेंद्र में करवाना चाहिए। इससे उन्हें विभिन्न स्कीमों का लाभ नियमित मिल सकेगा।
उन्होंने सभी महिलाओं एवं अन्य से आग्रह किया कि किसी भी व्यक्ति या महिला को लिंग जांच के संबंध में जानकारी हो तो जल्द जिला प्रशासन को सूचित करें।
उसकी पहचान को गोपनीय रखा जाएगा और उसे पुरस्कृत किया जाएगा। इस अवसर पर सुमनलता, कृष्णा देवी, सुमन बाला तथा निर्मला देवी ने अपने विचार प्रकट किए। ग्राम पंचायत प्रधान, उपप्रधान आदि पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।