ऊना में बैठक के दौरान मौजूद चिकित्सक और अधिकारी। -संवाद
ऊना। जलवायु परिवर्तन में दुष्पभावों से बचाव के लिए जिला स्वास्थ्य विभाग अहम भूमिका निभाएगा। विभाग जिला अस्पताल से लेकर उप स्वास्थ्य केंद्रों तक पौधरोपण कर ग्रीन क्षेत्र बढ़ाने में योगदान देगा। जलवायु परिवर्तन में प्रभावी भूमिका अदा करने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा ने जिला के खंड चिकित्सा अधिकारियों को डीओ लैटर भी जारी किए।
दरअसल मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कई अहम विषयों को लेकर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के सभागार में सीएमओ डॉ. संजीव वर्मा की अध्यक्षता में मासिक बैठक हुई। बैठक में उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को कार्यालयों में पेपर लेस कार्य बढ़ाने, प्लास्टिक नियंत्रण और बायो मेडिकल वेस्ट का उचित ढंग से प्रबंधन करने का आह्वान किया।
सीएमओ डॉ. संजीव वर्मा ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के खिलाफ लड़ाई में विजय प्राप्ति के लिए स्वास्थ्य विभाग अपनी विशेष भूमिका अदा करेगा। इसके लिए उन्होंने उप स्वास्थ्य केंद्रों में 25 औषधीय पौधे, पीएचसी स्तर पर 50 और जिला चिकित्सालय, नागरिक अस्पताल और सीएचसी स्तर पर 50 से अधिक पौधे लगाने की अपील संबंधित चिकित्सा अधिकारियों से की। उन्होंने कहा कि देसी पेड़ों और औषधीय पौधों के रोपण को प्राथमिकता दें। बैठक में जिला के सभी खंड चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे। संवाद