ऊना। जिले के खेल विभाग में फुटबाल कोच की कमी बरकरार है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को उचित प्रशिक्षण नहीं मिल पा रहा है। लंबे समय से यह पद रिक्त रहने के कारण ऊना के फुटबाल खिलाड़ी बारीकियों को सीखने के लिए बिना प्रशिक्षक के प्रयास कर रहे हैं।
पूर्व में फुटबाल कोच रहे चंद्रमोहन शर्मा की सेवानिवृत्ति के बाद से यह पद खाली है। इस वर्ष 2024 की शुरुआत में किन्नौर से एक अस्थायी कोच की तैनाती की गई थी। उन्होंने तीन महीने तक यहां सेवा दीं, लेकिन मार्च में उन्हें किन्नौर वापस बुला लिया गया। इसके बाद से यह पद फिर से रिक्त हो गया और ऊना के खिलाड़ी बिना कोच के प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
हर बार जब कोई प्रतियोगिता होती है तो खिलाड़ियों को निजी तौर पर कोचिंग की व्यवस्था करनी पड़ती है, लेकिन सरकारी स्तर पर यह स्थिति चुनौतीपूर्ण बन जाती है। इस रिक्त पद के चलते खिलाड़ियों के प्रशिक्षण में रुकावट आ रही है, जो उनके भविष्य के लिए एक बड़ा संकट साबित हो सकता है। खिलाड़ियों की उम्मीदें अब विभाग से हैं कि जल्द से जल्द कोच की नियुक्ति की जाए, ताकि वे अपने खेल को बेहतर बना सकें और आने वाली प्रतियोगिताओं के लिए तैयार हो सकें।
जिला खेल अधिकारी, युवा सेवा एवं खेल विभाग ऊना, उत्तम डोड ने कहा कि फुटबाल कोच के रिक्त पद के बारे में उच्चाधिकारियों को पहले ही अवगत करवा दिया गया है, और हम उम्मीद करते हैं कि इसे जल्द ही भरा जाएगा।