संवाद न्यूज एजेंसी
भरवाईं (ऊना)। चिंतपूर्णी के निकटवर्ती गांव समनोली के वार्ड दो में बुधवार शाम छह बजे रिहायशी मकानों के समीप जंगल में आग लग गई। घरों की तरफ बढ़ रही आग को रोकने के लिए दमकल विभाग की टीम और स्थानीय लोगों ने मोर्चा संभाला।
जानकारी के मुताबिक समनोली के समीप जगदीश राम, सतपाल, अश्वनी कुमार, बालक राम के रिहायशी मकानों के बिल्कुल पास खेतों के साथ जंगल में आग लग गई। आग ने धीरे-धीरे भयानक रूप ले लिया जिस पर घरों की तरफ बढ़ रही आग को बुझाने गांव के प्रधान कुलदीप कुमार, उपप्रधान सुधीर शर्मा, रिंकू और घरों के स्थानीय लोग खुद आग को बुझाने के लिए डट गए।
चिंतपूर्णी फायर स्टेशन को भी आग लगने की सूचना दी गई। उसके बाद दमकल विभाग की गाड़ी समनोली पहुंची लेकिन घरों के पीछे की तरफ दमकल विभाग की गाड़ी नहीं पहुंच पाई। इस पर कर्मियों में सेक्शन लीडर मोहन लाल, अंकुश कुमार, राम स्वरूप, होमगार्ड सुभाष चंद और चालक रशपाल ने झाड़ियों के सहारे आग को बुझाया।
इन घरों के साथ एक वेटरनरी अस्पताल भी है जिसे आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। समनोली पंचायत प्रधान कुलदीप कुमार ने बताया कि समय रहते आग पर काबू न पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।