लठियाणी/बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा के एक दर्जन से अधिक गांवों में बरसात में पेयजल संकट और मटमैले पानी की आपूर्ति के मामले में जलशक्ति विभाग हरकत में आ गया है। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को विभाग के उच्च अधिकारियों ने क्षेत्र में आ रही समस्या के समाधान के लिए वाटर टैंक एवं अन्य पाइपलाइनों का निरीक्षण किया।
गौर हो कि कुछ घरों को प्राकृतिक स्रोतों के छोटे टैंकों से सीधे सप्लाई दी गई है। विभागीय अधिकारियों ने ऐसेे टैंकों में फिल्टर लगाने के निर्देश दिए हैं। इसी के साथ जिन टैंकों में ढक्कन खराब हो चुके हैं या नहीं हैं, उनमें जल्द ढक्कन लगाने के निर्देश दिए गए। जलशक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता नरेश धीमान की मौजूदगी में अधिशासी अभियंता अश्विनी बंसल, सहायक अभियंता हरभजन सिंह और अन्य अधिकारियों ने मौके पर जाकर जायजा लिया।
विज्ञापन
इस मौके पर अधीक्षण अभियंता नरेश धीमान ने लोगों को शुद्ध साफ पेयजल को लेकर सभी वाटर टैंकों में फिल्टर लगाने के आदेश दिए। बरसात के दिनों में टैंकों में ब्लीचिंग पाउडर और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के लिए कहा। उन्होंने जनता से अपील की है कि विभाग से सहयोग करेें। इस मौके पर उनके साथ स्थानीय ग्राम पंचायत के प्रधान जोगिंदर शर्मा सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
बता दें कि बंगाणा उपमंडल के एक दर्जन गांवों में तीन से चार दिन बाद मटमैला पेयजल मिल रहा है। ग्रामीण निजी टैंकरों के सहारे पेयजल का इंतजाम कर रहे हैं। मामला उजागर होने के बाद खुद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर समस्या जानकर हल करने के निर्देश दिए हैं।