चिंतपूर्णी में असूज नवरात्रे के दूसरे दिन मेले के इंतजामो का निरीक्षण करते हुए एस पी ऊना
- फोटो : Una
भरवाईं (ऊना)। पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने कहा है कि श्रद्धालुओं को आशा देवी और मैहतपुर बैरियर में नियमों की जानकारी दी जा रही है। प्रदेश में प्रवेश के बाद सभी श्रद्धालु इन नियमों का पालन करें।
वे शुक्रवार को दूसरे नवरात्र के दिन चिंतपूर्णी मंदिर में प्रबंधों का निरीक्षण करने पहुंचे थे।
माथा टेकने के बाद उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही मंदिर में लगी श्रद्धालुओं की कतार का भी निरीक्षण किया। एसपी अर्जित सेन ने कहा कि मंदिर में व्यवस्था बनाने के लिए होमगार्ड और पुलिस कर्मियों की तैनाती की है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भी आह्वान किया है कि श्रद्धालु कोविड वैक्सीनेशन की दोनों डोज का प्रमाणपत्र या आरटीपीसीआर की निगेटिव रिपोर्ट लेकर ही धार्मिक स्थलों में आएं।
एसपी ने कहा कि एक दो दिन में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की उम्मीद है। इसके चलते पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। चिंतपूर्णी मंदिर में भीड़ को नियंत्रित करने को लेकर कोई असुविधा नहीं है। पुलिस कर्मी और होमगार्ड लाइन व्यवस्था को बेहतर बनाने और भीड़ को नियंत्रित करने को लेकर ड्यूटी दे रहे हैं।
कहा कि फिर भी किसी श्रद्धालु को कोई असुविधा हो तो वह लोकल पुलिस स्टेशन के नंबरों पर वेबसाइट पर या पुलिस के फेसबुक पेज पर जानकारी ले सकता है। इस मौके पर मेला ड्यूटी में तैनात डीएसपी बीडी सिंह, एसएचओ कुलदीप सिंह, एएसआई वचित्र सिंह और पीसी सोहन लाल मौजूद रहे।