आईएसबीटी ऊना से एचआरटीसी बस गंतव्य को रवाना होती हुई। संवाद
- फोटो : Una
ऊना। जिले में सोमवार को भी सार्वजनिक परिवहन सेवा बुरी तरह से प्रभावित रही। कार्य दिवस होने के बावजूद बसों में सवारियों की संख्या कम रही। इसके चलते जिले में करीब 170 रूटों पर बस सेवा ठप रही। एचआरटीसी के 20 रूट व निजी बसों के 150 के करीब बस रूट प्रभावित रहे।
बता दें कि एचआरटीसी ऊना डिपो के कुल 120 रूट हैं। सोमवार को 100 रूटों में एचआरटीसी की बसें चलीं। दूसरी तरफ जिला में 250 के करीब निजी बस रूट हैं जिनमें से सोमवार को 150 रूट बंद रहे।
जिले में बीते कुछ दिनों से कोरोना के मामले तेजी से बढ़ना शुरू हो गए हैं। इसके चलते अब लोग बसों में सफर करने से भी कतरा रहे हैं। कम सवारियां मिलने के कारण बसों के डीजल का भी खर्चा पूरा नहीं हो पा रहा है। सरकार ने सभी शिक्षण संस्थानों को भी अब 31 जनवरी के लिए बंद कर दिया गया है। सवारियां काफी कम संख्या में मिल रही हैं। निजी बस ऑपरेटर यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष राजेश पराशर ने कहा कि सवारियों की कमी के चलते सोमवार को भी 150 रूट पर बस सेवा बंद रही। एचआरटीसी बस अड्डा प्रभारी अविनाश खुल्लर ने कहा कि सोमवार को 20 रूट प्रभावित रहे।