समनोली पंचायत में बारिश से मकान को हुए नुकसान को दिखाते हुए।
- फोटो : Una
भरवाईं (ऊना)। चिंतपूर्णी के नजदीकी पंचायत समनोली में एक परिवार कई दिनों से रातें जागकर काटने के लिए मजबूर है। घर में रहने वाले परिवार को अपने मकान के गिरने का डर बना हुआ है।
जिला कांगड़ा की समनोली पंचायत की मधुबाला और उनके पति सुनील दत्त तीन बच्चों के साथ मकान में रह रहे हैं। यह मकान कभी भी गिर सकता है। उनके दो बच्चे दिव्यांग हैं।
मधुबाला ने बताया कि कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इस कारण मकान के आसपास जमीन धंस गई है। मकान के एक तरफ दरारें भी आ गई हैं। उनके मकान के साथ एक नाला भी है जहां चिंतपूर्णी बाजार का सारा गंदा पानी बहता है। उन्होंने अपने मकान के गिरने के खतरे को लेकर कस्बा कोटला में लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन को एक प्रार्थना पत्र भी दिया था, लेकिन अभी तक कोई अधिकारी उनके मकान को हुए नुकसान को देखने तक नहीं पहुंचा है। 1100 हेल्पलाइन नंबर में भी शिकायत की गई।
समनोली के उपप्रधान सुधीर शर्मा को भी अवगत करवाया गया है। मधुबाला ने प्रशासन और डीसी कांगड़ा से मांग की कि उनकी इस समस्या का समाधान किया जाए। उनके मकान की तरफ डंगा लगवाया जाए ताकि उनके मकान को गिरने से बचाया जा सके।
समनोली के उपप्रधान सुधीर शर्मा ने बताया कि समस्या उनके पास आई थी। उन्होंने खुद मौके देखा है। मकान के एक तरफ की कच्ची जगह ढह गई है। पंचायत की तरफ से इसको लेकर प्रस्ताव डाला गया है। एसडीएम देहरा धनवीर ठाकुर ने बताया कि यह मामला उनके ध्यान में अभी आया है। इस बारे पटवारी को मौका देखने के लिए भेजा जाएगा।