संवाद न्यूज एजेंसी
भरवाईं (ऊना)। चिंतपूर्णी मंदिर में रविवार को श्रद्धालुओं की जेब काटने वाले एक जेब कतरे और उसके साथी को होमगार्ड जवानों ने धर दबोचा। आरोपी का एक साथी फरार होने में कामयाब रहा।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह 5:00 बजे पंजाब के कपूरथला से आए श्रद्धालु की जेब में रखा मोबाइल और पर्स अचानक गायब हो गया। श्रद्धालु ने मंदिर कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारी को जानकारी दी।
कुछ ही देर में होमगार्ड के पीसी इंचार्ज पूर्ण सिंह ने अन्य जवानों की सहायता से जेबकतरे को पकड़ लिया और श्रद्धालु का पर्स भी बरामद कर लिया। इसके अलावा आरोपी के एक अन्य साथी को भी होमगार्ड जवानों ने एक सराय से पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि पकड़ा गया जेबकतरा काफी समय से चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं की जेब पर हाथ साफ कर रहा था। उसके दो साथी एक सराय में ठहरे हुए थे। होमगार्ड जवानों ने सराय के उस कमरे को बाहर से ताला लगाकर उन्हें बंद कर दिया।
इसी दौरान, दोनों युवकों ने दरवाजे की कुंडी तोड़ डाली और एक आरोपी भाग गया जबकि एक काबू में आ गया। पकड़े गए दोनों युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
पीसी इंचार्ज होमगार्ड पूर्ण सिंह ने बताया कि पिछले तीन-चार दिनों से श्रद्धालुओं की जेब काटने की शिकायतें मिल रही थीं। होमगार्ड जवान मुस्तैदी से जेबकतरों की तलाश में थे और रविवार को कामयाबी मिल गई।
मंदिर अधिकारी बलवंत पटियाल ने बताया कि पकड़े गए जेबकतरे एक कार में आए थे और शनिवार रात एक सराय में ठहरे थे। कहा कि कुछ महीने पहले भी इन जेबकतरों को मंदिर से पकड़ा गया था।
वहीं पुलिस का कहना कि जेबकतरों को लेकर कोई लिखित शिकायत न मिलने के कारण उन्हें ऐसे मामलों के आरोपियों को छोड़ना पड़ता है।