जनशताब्दी ट्रेन साढ़े दस घंटे की देरी से ऊना पहुंची
साढ़े पांच घंटे देरी से भरी दिल्ली के लिए रफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। रेलवे ट्रैक से किसानों के हटते ही ऊना की रद्द पैसेंजर ट्रेनें पटरी पर रफ्तार पकड़ने लगी हैं। ठीक एक माह बाद पैसेंजर ट्रेनों को रेलवे बोर्ड की ओर से ऊना, हरिद्वार और अंबाला के बीच बहाल किया गया है। इससे यात्रियों ने राहत की सांस ली है। फिलहाल किसान आंदोलन के चलते रूट डायवर्ट की मार झेल रही ट्रेनों को ठीक से पटरी पर आने में अभी एक-दो दिन और लगेंगे। यही वजह है कि अभी कई प्रमुख ट्रेनें देरी से ऊना और दिल्ली पहुंच रही हैं।
बहाल होने के बाद सोमवार को हरिद्वार से ऊना तक चलने वाली पैसेंजर ट्रेन अंबाला से आगे ऊना तक आई। वहीं, दोपहर को अंबाला चलने वाली पैसेंजर ट्रेन के पहियों ने भी यात्रियों को यात्रा लाभ दिया। रेलवे बोर्ड के अधिकारियों की माने तो ऊना से तीन पैसेंजर ट्रेनें हरिद्वार, अंबाला और चंडीगढ़ के बीच आवागमन करती हैं। इनमें से सोेमवार को दो चल पड़ी हैं और जल्द तीसरी पैसेंजर ट्रेन भी दौड़ेगी। ऊना से हरिद्वार, अंबाला व सहारनुपर आदि प्रमुख स्टेशन के लिए आवागमन करने वाले यात्री इन ट्रेनों के बहाल होने से गदगद हैं।
जनशताब्दी ट्रेन नई दिल्ली से साढ़े दस घंटे की देरी से ऊना पहुंची
ऊना। किसान आंदोलन के चलते रूट डायवर्ट के बीच कई ट्रेनों को देरी से आवागमन करना चुनौती भरा हो रहा है। पूर्व की तरह ट्रेनों को पुराने रूट की पटरी पर आने के लिए कुछ समय और लगेगा। यही वजह है कि ऊना दौलतपुर चौक नई दिल्ली के बीच आवागमन करने वाली जन शताब्दी ट्रेन मंगलवार को 10 घंटे 32 मिनट की देरी से दौलतपुर चौक पहुंची। सोमवार रात को 10:15 बजे न पहुंचकर यह ट्रेन मंगलवार सुबह 08:46 बजे आई। ऊना में रात 9:17 बजे की बजाय अगले दिन मंगलवार 8:08 बजे सुबह आई। नई दिल्ली से ट्रेन निर्धारित समय दोपहर 2:51 बजे न चलकर नौ घंटे की देरी से रात 11:56 बजे चली। इससे पूर्व सोमवार को ऊना से नई दिल्ली के लिए यह ट्रेन 2:49 बजे न पहुंचकर रात 11:55 बजे पहुंची। मंगलवार को भी यह ट्रेन दिल्ली से करीब चार घंटे की देरी से ऊना के लिए चली है और ऊना से मंगलवार को यह ट्रेन निर्धारित तड़के 04:55 बजे न चलकर करीब साढ़े पांच घंटे की देरी से सुबह 10:55 बजे नई दिल्ली के लिए गई। रेलवे बोर्ड के डीआरएम मनदीप सिंह भाटिया ने बताया कि अभी ट्रेनों को पुराने रूट की पटरी पर आने में कुछ समय लगेगा। ऊना आने वाली पैसेंजर ट्रेनें बहाल हो गई हैं।