तीमारदारों के लिए बैठने से लेकर पीने के पानी की भी होगी व्यवस्था
आपातकाल ओपीडी के साथ ही बनाया गया है प्रतीक्षालय कक्ष
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों को बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसी के मद्देनजर आपातकाल ओपीडी के बाहर बने प्रतीक्षालय में पीने का पानी ,बैठने के लिए अतिरिक्त कुर्सियां, पंखें सहित अन्य व्यवस्थाओं में इजाफा होगा। इससे आपातकाल में मरीजों के साथ आने वाले तीमारदारों और अन्य सदस्यों की ओपीडी के बाहर भीड़ न लगेगी। मरीजाें को बिना किसी परेशानी से उपचार मिल सकेगा। जिले के सबसे बड़े अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के अलावा अन्य सुविधाओं को बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। अस्पताल के आपातकाल वार्ड में जिला भर से मरीज आपात स्थिति में उपचार के लिए पहुंचते हैं। इसके अलावा जिले के अन्य अस्पतालों से भी रेफर होने वाले मरीज भी सबसे पहले इसी वार्ड में उपचार के लिए आते हैं। ऐसे में आपातकाल वार्ड में पहले ही जगह की काफी तंगी है। कोई हादसा होने पर वार्ड में हाल-चाल जानने के लिए परिजन पहुंच जाते हैं। इससे अस्पताल प्रबंधन को भी व्यवस्थाएं बनाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इन सभी समस्याओं को दूर करने के लिए प्रबंधन की तरफ से वार्ड के बाहर ही प्रतीक्षालय का निर्माण किया गया है। इस प्रतीक्षालय में सुविधाओं की बढ़ोतरी को लेकर प्रबंधन ने प्रयास शुरू कर दिए हैं। वर्तमान में प्रतीक्षालय में दो से चार लोगों की बैठने की व्यवस्था की गई है। आगामी समय से अस्पताल प्रबंधन इस प्रतीक्षालय के विस्तार को लेकर भी योजना बना रहा है। जल्द ही इसे लेकर एक प्रस्ताव तैयार कर उच्च अधिकारियाें को भेजा जाएगा। दूसरी तरफ बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही पंखों की संख्या को बढ़ाया जाएगा ताकि तीमारदारों को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
कोट्स
क्षेत्रीय अस्पताल में सुविधाओं की बढ़ोतरी के लिए प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। प्रतीक्षालय के विस्तार की योजना को भी तैयार किया जा रहा है। जल्द ही यह काम सिरे चढ़ेगा। -डाॅ. संजय मनकोटिया, चिकित्सा अधीक्षक क्षेत्रीय अस्पताल ऊना