मरवाड़ी (ऊना)। हिमाचल-पंजाब सीमा पर मरवाड़ी में टोल नाके पर वीरवार देर शाम एक कार चालक ने कर्मचारियों रौंद दिया। हादसे में दो लोग घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर किया गया है। पुलिस सीसीटीवी की मदद से कार चालक की पहचान करने में जुटी है।
वीरवार देर शाम करीब पौने नौ बजे मरवाड़ी टोल बैरियर पर कर्मचारी पवन कुमार 55 निवासी फतेहपुर जिला कांगड़ा और उसके साथ खड़े गणु मंदवाड़ा निवासी रमेश कुमार टोल पर तलवाड़ा की तरफ से आई गाड़ी की पर्ची काट रहे थे। जबकि एक लेन पंजाब जाने वाले वाहनों के लिए खुली थी। इस दौरान गलत दिशा से एक कार ने दोनों लोगों टक्कर मार दी और रौंदते हुए चालक कार को मौके से ले भागा। दोनों व्यक्ति को इलाज के लिए दौलतपुर अस्पताल लाया गया।
अधिक चोटें होने की वजह से उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया है। टक्कर मारने वाली गाड़ी की पहचान और नंबर पुलिस को बता दी गई है। पुलिस भी मामले में सीसीटीवी फुटेज जांच रही है। वहीं, दौलतपुर चौक पुलिस चौकी प्रभारी एसआई सुरजीत सिंह ने बताया कि चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। जल्द आरोपी गाड़ी चालक को पकड़ लिया जाएगा।